बिलासपुर/रामपुर/ बरेली : यूपी के रामपुर ज़िले में बुधवार को तीन किशोरियों की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब तीनों बच्चियां बकरी चराने के दौरान करीब सात फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में नहाने लगीं। बिलासपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के कोठा जागीर गांव निवासी सुनीता (14 वर्ष) पुत्री हरबोला बांकेलाल, संगीता (12 वर्ष) पुत्री गयादीन और क्रांति (12 वर्ष) पुत्री तेजराम गांव से बाहर रेलवे स्टेशन के पास बकरियां चरा रही थीं। इस दौरान गर्मी से राहत पाने के लिए तीनों पानी भरे एक गड्ढे में उतर गईं। गहराई का अंदाज़ा न लग पाने के कारण तीनों पानी में डूब गईं।
चीख पुकार सुनकर मदद को पहुंचे लोग
चीख-पुकार सुनकर नज़दीक की रेलवे कॉलोनी के लोग दौड़कर पहुंचे और तीनों को बाहर निकाला गया। गंभीर स्थिति में परिजन उन्हें पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार शिवकुमार शर्मा, कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह और एडीओ पंचायत सलीम हुसैन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन परिजनों ने पहले पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
हादसे के बाद गांव में मचा कोहराम
ब्लॉक प्रमुख कुलवंत सिंह औलख, ग्राम प्रधान ओमप्रकाश यादव सहित कई स्थानीय नेता परिजनों को समझाने गांव पहुंचे। फिलहाल पोस्टमार्टम को लेकर प्रक्रिया जारी है। यह घटना गांव में गहरे शोक और चिंता का माहौल पैदा कर गई है।
