लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ में नगर निगम की घोर लापरवाही के चलते एक और ज़िंदगी अकाल काल का शिकार हो गई। पीजीआई थाना क्षेत्र के वृंदावन योजना सेक्टर-9 में फ्लिपकार्ट डिलीवरी बॉय अनुज कश्यप (27 वर्ष) की उस वक्त दर्दनाक मौत हो गई, जब नगर निगम द्वारा सड़क पर बिना चेतावनी के बांधी गई रस्सी उनके गले में फंस गई। यह घटना दोपहर करीब 1:30 बजे की है, जब अनुज डिलीवरी देने निकले थे। लखनऊ नगर निगम के कर्मचारी पेड़ काटने के लिए सड़क के दोनों सिरों पर एक मोटी रस्सी बांध चुके थे। बिना किसी चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग या कर्मचारी निगरानी के। उस वक्त अनुज उस रस्सी को देख नहीं सके और बाइक चलाते वक्त सीधा उसमें फंस गए। रस्सी गले में फंसने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े, और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पिता की हो चुकीं हैं मौत,इकलौते कमाने वाले थे अनुज
अनुज कश्यप, मूल रूप से मोहनलालगंज के गोपालखेड़ा गांव के रहने वाले थे और फ्लिपकार्ट में डिलीवरी ब्वॉय का काम करके अपने परिवार का पेट पालते थे। उनके पिता का देहांत पहले ही हो चुका था। घर में मां सुमन देवी, बड़ा भाई सोनू, छोटा भाई दीपक और बहन गुड़िया का रो-रोकर बुरा हाल है। अनुज परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे।
नगर निगम पर लगे गंभीर आरोप
स्थानीय लोगों ने लखनऊ नगर निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना किसी सूचना के इस तरह रस्सी बांधना सीधा आम नागरिक की जान से खिलवाड़ है। न तो रस्सी को देखने योग्य बनाया गया, न ही कोई कर्मचारी वहां मौजूद था जो वाहन चालकों को सावधान करता। लोगों की मांग है कि दोषी कर्मियों पर IPC की धारा 304A (लापरवाही से हुई मौत) के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।
