सोनभद्र : कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी में संलिप्त कुख्यात तस्कर भोला प्रसाद जायसवाल के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। पूर्व में करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त किए जाने के बाद अब सोनभद्र पुलिस ने उसकी करीब 5.77 करोड़ रुपये की और अवैध संपत्ति कुर्क कर ली है। इसके साथ ही अब तक तस्कर की कुल 34.27 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है, जिसे पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। थाना रॉबर्ट्सगंज में दर्ज एफआईआर के आधार पर आरोपी भोला प्रसाद जायसवाल, निवासी कायस्थ टोला, प्रहलाद घाट, के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 23 जनवरी को ही भोला प्रसाद की 28.50 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति जब्त की जा चुकी थी। इसके बाद धारा 68-एफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वाराणसी जनपद में आरोपी और उसके परिजनों की संपत्तियों की जांच कर कुर्की की प्रक्रिया शुरू की गई।
शनिवार को पुलिस टीम ने मड़ौली, भरलाई और जगदीशपुर क्षेत्र में स्थित आरोपी की कुल सात अचल संपत्तियों को कुर्क किया, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4.55 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके साथ ही तस्कर के पास से चार लग्जरी और अन्य वाहन भी जब्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग 51 लाख रुपये आंकी गई है। जब्त किए गए वाहनों में फॉर्च्यूनर लेजेंडर, हुंडई आई-20, एक्टिवा और वेस्पा स्कूटर शामिल हैं। अकेले फॉर्च्यूनर लेजेंडर की कीमत ही करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों में जमा 70.99 लाख रुपये की राशि भी अभिग्रहित कर ली है। इस तरह शनिवार की कार्रवाई में कुल 5.77 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है। इस कुर्की अभियान में एसआईटी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष हाथीनाला नागेश सिंह, चौकी प्रभारी डाला घनश्याम तिवारी सहित भारी पुलिस बल शामिल रहा। कुर्की की कार्रवाई के दौरान संबंधित क्षेत्रों में पुलिस की कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था भी की गई थी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशीली दवाओं की तस्करी और इससे अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधों से समाज को गहरा नुकसान पहुंचता है और इस तरह के अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
