मुरादाबाद: रामपुर रोड स्थित कटघर इलाके में रविवार रात भयावह हादसा हो गया। प्रेम वंडर लैंड पुल के पास स्थित तीन मंजिला ‘परी रेस्टोरेंट’ में अचानक आग लग गई, जिसके बाद एक के बाद एक 5 गैस सिलेंडर फट पड़े। हादसे में रेस्टोरेंट मालिक प्रदीप श्रीवास्तव की मां माया श्रीवास्तव (56) की मौत हो गई जबकि 10 से अधिक लोग झुलस गए।
आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई और तीन मंजिला इमारत में 16 लोग फंस गए। सीढ़ियों में धुआं भरने के कारण बाहर निकलना मुश्किल हो गया। जान बचाने के लिए कर्मचारियों ने खिड़कियां तोड़ीं। एक युवक पहली मंजिल से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल हुआ।
फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सभी झुलसे लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि रेस्क्यू के दौरान कई लोगों को कंधों पर उठाकर बाहर निकाला गया।
आतिशबाजी की चिंगारी से लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों और कर्मचारियों के मुताबिक, पड़ोस में शादी समारोह चल रहा था। करीब रात 10 बजे द्वारचार के दौरान आतिशबाजी हो रही थी, तभी एक पटाखा रेस्टोरेंट के भीतर जाकर गिरा और आग भड़क उठी। कुछ ही पल में लपटें रसोई तक पहुंचीं और गैस सिलेंडर फटने शुरू हो गए। देखते ही देखते पूरी इमारत आग की चपेट में आ गई।
पड़ोस की गैराज को भी चपेट में लिया, कई परिवार हुए प्रभावित
हादसे की आग पास स्थित एक गैराज तक भी पहुंच गई। एहतियातन आसपास की इमारतों को खाली कराया गया। रेस्टोरेंट मालिक के भाई सचिन श्रीवास्तव का परिवार भी झुलस गया, जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। आसपास के लोगों ने पुलिस और फायर टीम के साथ मिलकर फंसे लोगों की जान बचाने में मदद की।
मामले की जांच जारी
एसपी सिटी के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
