लखनऊ : काकोरी थाना क्षेत्र में आगरा एक्सप्रेस-वे पर रविवार तड़के बड़ा हादसा होते-होते बच गया। दिल्ली से गोंडा जा रही AC बस का अचानक टायर फट गया और देखते ही देखते पूरी बस आग का गोला बन गई। हादसे के वक्त बस में 40 यात्री सवार थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ी त्रासदी टल गई।
गवाहों के मुताबिक सुबह करीब साढ़े चार बजे बस तेज रफ्तार में एक्सप्रेस-वे पर दौड़ रही थी। अचानक पीछे का टायर जोरदार धमाके के साथ फट गया। ड्राइवर ने तुरंत बस रोकी और नीचे उतरकर स्थिति देखी। तभी पीछे से धुआं उठना शुरू हुआ और कुछ ही सेकंड में लपटों ने बस को अपनी चपेट में ले लिया।
धुएं से लपटों तक, मिनटों में बस बनी आग का गोला
सुबह का समय होने के कारण कई यात्री सो रहे थे। ड्राइवर और क्लीनर ने चिल्लाकर सभी को बाहर निकलने को कहा। यात्री दौड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। कई लोग अपना सामान बस में ही छोड़कर जान बचाने में लग गए।
आग इतनी विकराल थी कि धुएं का गुबार दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की मगर नाकाम रहे।
दमकल की 3 गाड़ियां पहुंचीं, बस का ढांचा ही बचा
करीब 20 से 25 मिनट में दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक पूरा कोच जलकर खाक हो चुका था और बस की केवल फ्रेम बची।
प्रभारी निरीक्षक सतीश राठौर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी से आग लगने की आशंका है। ड्राइवर का कहना है कि टायर फटने के बाद शॉर्ट सर्किट हुआ जिससे आग भड़क गई। फिलहाल विस्तृत जांच जारी है।
छठ पर्व पर जा रहे यात्री बोले… छठी मैया ने बचा लिया
अधिकांश यात्री दिल्ली और पंजाब से छठ पूजा पर घर लौट रहे थे। घटना के बाद कई यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया। लोग डरे-सहमे जरूर रहे, मगर दिलों में एक ही बात थी कि “छठी मैया ने हमारी जान बचा ली, वरना इतना भयंकर हादसा किसी के बचे रहने नहीं देता।”
पुलिस ने सभी यात्रियों को गोंडा भेजने के लिए दूसरी बस का इंतजाम करने की बात कही है।
