फिरोजपुर/पंजाब/लखनऊ : कहते हैं कि किस्मत जब पलटती है, तो गरीब भी राजा बन जाता है। यह कहावत पंजाब के मजदूर जसमेल सिंह पर सटीक बैठती है। जिसने सिर्फ 6 रुपये की लॉटरी टिकट खरीदकर 1 करोड़ रुपये जीत लिए। फिरोजपुर जिले के जीरा विधानसभा क्षेत्र में लॉटरी बेचने वाले गुलशन शर्मा ने जब जसमेल को फोन करके यह बताया कि उनकी नागालैंड स्टेट लॉटरी में 1 करोड़ का इनाम निकला है, तो वह अवाक रह गए। पहले उन्हें लगा कोई मजाक कर रहा है, लेकिन जब दुकानदार ने बुलाकर असली टिकट दिखाया, तब उन्हें यकीन हुआ।
30 लाख के कर्ज में डूबे थे जसमेल
जसमेल सिंह ने बताया कि वह मोगा का रहने वाला है, और मजदूरी करके किसी तरह अपने परिवार का पालन कर रहा था। उनके ऊपर करीब 30 लाख रुपये का कर्ज था, और हालात इतने खराब थे कि आत्महत्या तक के बारे में सोचने लगे थे। उन्होंने बताया कि इस निराशा के बीच उन्होंने लॉटरी खरीदनी शुरू की, शायद किस्मत बदल जाए, और आज आखिरकार मां लक्ष्मी की कृपा से उनकी किस्मत खुल गई।
जसमेल सिंह ने मंदिर में टेका माथा
लॉटरी का इनाम निकलने के बाद जसमेल सबसे पहले जीरा के काली माता मंदिर पहुंचे और अपनी मुराद पूरी होने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब न सिर्फ उनका कर्ज उतर जाएगा, बल्कि वह अपने परिवार के साथ सुकून की जिंदगी भी जी सकेंगे।
