बरेली : शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र में स्थित एक मदरसे में मंगलवार को एक 22 वर्षीय छात्र मोहम्मद ओवैस ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। ओवैस बिहार के कटिहार जिले का निवासी था और मदरसे में आलमियत कोर्स कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, आत्महत्या की वजह एक रिश्तेदार युवती से निकाह का रिश्ता टूटना बताया जा रहा है। ओवैस का शव कमरा संख्या 87 में गमछे के फंदे से लटका मिला। वह सुबह हॉस्टल से बाहर नहीं निकला। करीब 11 बजे साथी छात्र जब इंटरवेल में कमरे लौटे तो शव मिला। मदरसा प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद थाना प्रभारी अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को मौके पर नहीं बुलाया गया। क्योंकि, परिजन पोस्टमार्टम से इनकार कर रहे हैं।
तय हुआ था शादी का रिश्ता
छात्र ओवैस का निकाह एक रिश्तेदार युवती से तय हुआ था,लेकिन हाल ही में लड़की पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया। जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में आ गया था। साथी छात्रों ने बताया कि वह कई दिनों से उदास और अकेला रहता था। शव को पुलिस ने सील कर कब्जे में लिया है। परिजनों को सूचना दी गई है,लेकिन परिवार और मदरसा प्रबंधन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम कानूनी दृष्टिकोण से ज़रूरी हो सकता है।
