बरेली : यूपी के बरेली देहात के बहेड़ी स्थित एमजीएम इंटर कॉलेज के शिक्षक और कवि डॉ. रजनीश गंगवार की कविता “कांवड़ लेकर मत जाना” को लेकर विवाद और गहराता जा रहा है। हिंदू महासभा और कई संगठनों ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन कर शिक्षक की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग की। इसके साथ ही नारेबाजी की। बताया जाता है शिक्षक रजनीश गंगवार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बहेड़ी नगर संयोजक थे। उनको इस पद से हटा दिया गया है। हालांकि, रजनीश गंगवार ने विवादित गीत के बाद माफी मांग ली है।
जानें पूरा मामला
शिक्षक रजनीश गंगवार की कविता में कांवड़ यात्रा के दौरान छात्रों की पढ़ाई पर असर का ज़िक्र किया गया था। हिंदू महासभा के मंडल अध्यक्ष पंकज पाठक ने शिक्षक पर “हिंदू परंपराओं का अपमान” करने और “जिहादी मानसिकता” फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गंगवार जानबूझकर हिंदू धर्म को टारगेट कर रहे हैं।
शिक्षक रजनीश गंगवार ने जारी किया वीडियो
डॉ. गंगवार ने अपनी सफाई में कहा कि कविता का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के प्रति जागरूक करना था, न कि किसी धर्म की आस्था को ठेस पहुंचाना। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान स्कूल में छात्रों की कम उपस्थिति को लेकर उन्होंने यह कविता लिखी थी। कॉलेज प्रिंसिपल अशोक गंगवार ने माना कि कविता की कुछ पंक्तियों से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, और यह शिक्षक द्वारा अनुचित कार्य है। वहीं, एक छात्र ने आरोप लगाया कि गंगवार ने कांवड़ियों को नशे से जोड़कर टिप्पणी की थी।
FIR दर्ज, पुलिस जांच जारी
महाकाल सेवा समिति के अध्यक्ष सचिन प्रजापति की शिकायत पर धार्मिक भावनाएं आहत करने की धाराओं में शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। CO अरुण कुमार ने मीडिया को बताया कि जांच जारी है और कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
