पंजाब: अमृतसर से बर्मिंघम जा रही एअर इंडिया की उड़ान संख्या AI-117 की बर्मिंघम हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यह घटना 4 अक्टूबर 2025 को उस समय हुई जब विमान की रैम एयर टर्बाइन (RAT) अचानक सक्रिय हो गई।
एअर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, यह विमान बोइंग 787 ड्रीमलाइनर था। लैंडिंग से ठीक पहले RAT प्रणाली के सक्रिय होने की जानकारी ऑपरेटिंग क्रू को मिली, जिसके बाद एहतियातन विमान को सुरक्षित रूप से उतार लिया गया। जांच में सभी इलेक्ट्रिकल और हाइड्रॉलिक पैरामीटर सामान्य पाए गए और किसी प्रकार की तकनीकी खराबी दर्ज नहीं हुई।
एयरलाइन ने बताया कि मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत विमान को विस्तृत तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है। इस कारण उसी दिन बर्मिंघम से दिल्ली के लिए निर्धारित AI-114 वापसी उड़ान को रद्द कर दिया गया।
गौरतलब है कि रैम एयर टर्बाइन (RAT) एक सुरक्षा उपकरण है, जो विमान की मुख्य बिजली या हाइड्रॉलिक प्रणाली में गड़बड़ी आने पर सक्रिय होता है। यह एक छोटे प्रोपेलर की तरह कार्य करता है और ऐसी स्थिति में विमान के जरूरी कंट्रोल्स और रेडियो सिस्टम को चालू रखने में मदद करता है।
एअर इंडिया ने स्पष्ट किया कि इस घटना में सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है।
विमान की तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही इसे दोबारा उड़ान के लिए मंजूरी दी जाएगी।
