नई दिल्ली/बरेली : देश में एक बार फिर चुनावी माहौल गरमा गया है। चुनाव आयोग ने रविवार को पांच बड़े राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। इसके साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। हालांकि इस ऐलान के बीच यूपी की तीन विधानसभा सीटों को लेकर नया सस्पेंस पैदा हो गया है, क्योंकि इन सीटों पर उपचुनाव की घोषणा नहीं की गई है। दरअसल,फरीदपुर, घोषी,दुद्धी सीटें पिछले कुछ महीनों से खाली हैं। इन सीटों के विधायकों के निधन के बाद यहां उपचुनाव की उम्मीद थी, लेकिन चुनाव आयोग ने फिलहाल इन सीटों पर चुनाव की घोषणा नहीं की है।
पांच राज्यों के चुनाव की घोषणा
चुनाव आयोग ने जिन पांच राज्यों में चुनाव की घोषणा की है, उनमें उनमें पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में शामिल हैं। इन सभी विधानसभाओं का कार्यकाल मई में समाप्त हो रहा है। चुनावी कार्यक्रम के अनुसार असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। इन सभी राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे।
17.4 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान
इन पांच राज्यों में करीब 17.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। कुल 824 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इसके लिए लगभग 2.19 लाख मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, जहां औसतन 750 से 900 मतदाता होंगे ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।
चुनाव आयोग की नई व्यवस्थाएं
इस बार चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए कई नई व्यवस्थाएं लागू की हैं। मतदान केंद्रों पर मोबाइल जमा कराने की सुविधा
ईवीएम पर उम्मीदवारों की रंगीन फोटो और बड़े अक्षरों में नाम मतदान केंद्र से 100 मीटर दूर सहायता बूथ की अनुमति सभी बूथों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग
हर दो घंटे में मतदान प्रतिशत का डेटा ECINET पोर्टल पर अपलोड
पूरे चुनाव को संपन्न कराने के लिए करीब 25 लाख चुनाव अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। इन सीटों पर घोषित हुआ उपचुनाव चुनाव आयोग ने पांच राज्यों के चुनाव के साथ 6 राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की भी घोषणा की है। इनमें गोवा की पोंडा, कर्नाटक की बागलकोट और दक्षिण दावणगेरे, नागालैंड की कोरिडांग, त्रिपुरा की धर्मनगर, गुजरात की उमरेठ और महाराष्ट्र की राहुरी और बारामती सीट शामिल हैं। इनमें से गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा की पांच सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि गुजरात और महाराष्ट्र की तीन सीटों पर 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। सभी सीटों के नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे।
फरीदपुर सीट खाली क्यों हुई
बरेली की फरीदपुर सीट से भाजपा विधायक डॉक्टर श्याम बिहारी लाल का हाल ही में निधन हो गया था। बताया जाता है कि एक बैठक के दौरान उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया और अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसी तरह घोसी सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह और दूधी सीट से विधायक विजय सिंह गौड़ के निधन के बाद ये सीटें रिक्त हो गई हैं।
बारामती सीट भी चर्चा में
महाराष्ट्र की बारामती सीट इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि यहां से उपमुख्यमंत्री अजीत पंवार विधायक थे, जिनका हाल ही में एक विमान हादसे में निधन हो गया।
यूपी की सीटों पर बना सस्पेंस
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि उत्तर प्रदेश की फरीदपुर, घोसी और दूधी सीटों पर उपचुनाव कब होंगे। माना जा रहा है कि चुनाव आयोग इन सीटों को लेकर अलग से फैसला ले सकता है। हालांकि अभी तक इन सीटों पर चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं होने से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
