बरेली : यूपी के बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जीआरएम स्कूल की बस में कंडक्टर के पद पर काम करने वाले 26 वर्षीय सोमपाल की स्कूल बस से उतरते वक्त संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के पिता विद्याराम ने इसे महज एक हादसा मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह एक सुनियोजित साज़िश हो सकती है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर बेटे को जानबूझकर दूसरी बस में ड्यूटी पर भेजने और उसे किसी षड्यंत्र के तहत रास्ते से हटाने का आरोप लगाया है। यह घटना शहर के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के डोरा चौराहा स्थित जीआरएम स्कूल परिसर में हुई, जहां बताया गया कि सोमपाल का पैर फिसल गया और वह बस के नीचे आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद परिजनों को सूचना मिली, तो वह तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे। उस वक्त तक शव मोर्चरी में भेजा जा चुका था। परिवार इस घटना से पूरी तरह टूट गया है। मां सुखदेई देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।सोमपाल तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार की आर्थिक ज़िम्मेदारी उसी पर थी।
मृतक के पिता की तहरीर पर जांच शुरू
पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
