गुजरात : मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की नई टीम कुछ ही देर में शपथ लेगी। कुल 26 मंत्री शपथ लेंगे जिनमें 3 महिलाएं, 8 पटेल, 8 ओबीसी, 3 एससी और 4 एसटी समुदाय से होंगे। खास बात यह है कि इस बार 19 नए चेहरे शामिल किए जा रहे हैं।
भूपेंद्र पटेल सरकार का नया मंत्रिमंडल आज शपथ लेगा
गुरुवार को मौजूदा मंत्रिमंडल के सभी 16 मंत्रियों ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। देर रात तक नए चेहरों पर मंथन चलता रहा और अब नए मंत्रियों की सूची लगभग तय है।
क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को भी मंत्री बनाया जा रहा है। यह उनकी राजनीतिक यात्रा का बड़ा कदम माना जा रहा है।
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी मानी जा रही है यह कवायद
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह पूरा फेरबदल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति का हिस्सा है। गुजरात कैबिनेट में पहले 17 मंत्री थे जिनमें 8 कैबिनेट और 8 राज्य मंत्री शामिल थे। अब मंत्रियों की संख्या बढ़कर 26 हो जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक दो डिप्टी सीएम भी बनाए जा सकते हैं, जबकि कुछ पूर्व कांग्रेस विधायक जो भाजपा में आए थे, उन्हें भी जगह मिल सकती है।
विविध सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश
मंत्रिमंडल के इस विस्तार में भाजपा ने सामाजिक संतुलन साधने की पूरी कोशिश की है। सीएम भूपेंद्र पटेल खुद पटेल समाज से आते हैं, और उनके साथ अब 8 मंत्री उसी समुदाय से होंगे। इसके अलावा 8 ओबीसी, 3 अनुसूचित जाति, 4 अनुसूचित जनजाति और 3 महिला मंत्री शामिल हैं। भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में नया मंत्रिमंडल भाजपा के मिशन 2027 की दिशा तय करेगा। नए चेहरों और बदले हुए समीकरणों के साथ अब देखना होगा कि यह टीम गुजरात में भाजपा की सियासी पकड़ को और कितना मजबूत बना पाती है।
