बरेली: जनसुनवाई जैसी अहम प्रक्रिया में लापरवाही बरतना विशारतगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक को भारी पड़ गया। एसएसपी अनुराग आर्य ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए हैं।
जनसुनवाई के दौरान नहीं थे थानाध्यक्ष
जानकारी के मुताबिक एसएसपी द्वारा हर दिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होने वाली जनसुनवाई की मॉनिटरिंग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की जाती है। 10 मार्च को जब इस प्रक्रिया की निगरानी की गई तो पाया गया कि विशारतगंज थाने के थानाध्यक्ष सतीश कुमार खुद मौजूद नहीं थे। उनकी जगह वरिष्ठ उपनिरीक्षक को बैठाया गया था।
बिना अनुमति थाना क्षेत्र से बाहर मिले
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि थानाध्यक्ष बिना किसी अनुमति के अपने थाना क्षेत्र से बाहर थे। इतना ही नहीं, जनसुनवाई में आने वाले लोगों की शिकायतों के निस्तारण में भी लापरवाही पाई गई।
SSP ने तुरंत किया निलंबित
जनसुनवाई को शासन की प्राथमिकताओं में शामिल माना जाता है। ऐसे में इस प्रक्रिया में अपेक्षित गंभीरता न बरतने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने थानाध्यक्ष सतीश कुमार को 10 मार्च को ही तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
