बरेली: शहर में 26 सितंबर को हुए बवाल और फायरिंग की साजिश का मुख्य आरोपी आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। थाना बारादरी पुलिस ने कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सुभान उर्फ चूरन को शनिवार को पीलीभीत बाइपास इलाके से गिरफ्तार किया। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने के बाद पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की, जिसमें कई सनसनीखेज जानकारियां सामने आई हैं।
बवाल से पहले हुई थी अहम बैठक
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले आरोपी को कुछ प्रभावशाली लोगों के नजदीकी व्यक्तियों ने बुलाया था। वहीं पर पूरे घटनाक्रम की योजना बनाई गई। आरोपी ने बताया कि उसे भावनाओं को भड़काने के लिए धर्म का हवाला दिया गया और बवाल को अंजाम देने के लिए तैयार किया गया। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि पुलिस को एक खास स्थान में घुसने से रोकने के लिए छोटे-छोटे लड़कों के समूह तैयार किए गए थे। इन्हें आगे कर प्रदर्शन कराया जाना था और हालात बिगड़ने पर हिंसा भड़काने के निर्देश दिए गए थे। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसी दौरान पुलिस पर फायरिंग की गई थी।
हथियार मुहैया कराने का आरोप
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि बवाल के लिए उसे अवैध हथियार भी उपलब्ध कराए गए थे, जिनका इस्तेमाल मौके पर किया गया। इस खुलासे के बाद पुलिस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है। रिकॉर्ड के मुताबिक सुभान उर्फ चूरन हाल ही में एक अन्य हिंसक घटना में भी शामिल रहा है। कुछ दिन पहले स्पर्श रिसोर्ट के पास दो गुटों के बीच हुई झड़प में उसकी सक्रिय भूमिका सामने आई थी, जिसके बाद वह फरार हो गया था।
कई मुकदमों में नाम, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
थाना बारादरी प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि आरोपी शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से कई केस दर्ज हैं। उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पूरे गिरोह और साजिश में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
