हरपाल हत्याकांड का खुलासा, पत्नी-प्रेमी जेल में, दो और साथी गिरफ्तार!
बरेली : यूपी के बरेली देहात के शाही क्षेत्र में आठ सितंबर को खाई में पिकअप के अंदर मिला ड्राइवर हरपाल का शव किसी सड़क हादसे का नहीं, बल्कि पत्नी और प्रेमी की साजिश से की गई हत्या का हिस्सा था। इस सनसनीखेज मामले में शनिवार को दो और गिरफ्तारियां हुई हैं। पुलिस ने राहुल पुत्र नारायण और धमेंद्र पुत्र वेदराम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इससे पहले शुक्रवार को मुख्य आरोपी पत्नी ममता, उसका प्रेमी कैलाश और एक रिश्तेदार को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
ऐसे खुला राज़, हादसे की कहानी निकली हत्या
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ, पत्नी ममता ने अपने प्रेमी कैलाश और रिश्तेदारों के साथ मिलकर पति की हत्या की थी। दरअसल, घटना से आठ दिन पहले हरपाल ने अपनी पत्नी को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया था। इसके बाद घर में जमकर विवाद हुआ। बदनामी के डर से ममता ने अपने प्रेमी कैलाश के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
8 सितंबर की रात क्या हुआ था?
राहुल ने हरपाल को गाड़ी बुकिंग के बहाने बाहर बुलाया। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कैलाश और उसके साथियों ने हरपाल का गला घोंटकर हत्या कर दी। फिर शव को पिकअप में बैठाकर खाई में धकेल दिया, ताकि मामला सड़क हादसे जैसा लगे। लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी पलट दी शरीर पर कोई गंभीर चोट नहीं मिली, और मौत का कारण निकला दम घुटना (सफोकेशन)।
अब तक पांच आरोपी जेल में
हरपाल की मां पूनम देवी की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। अब तक कुल पांच आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं, और बाकी फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गांव में एहतियातन पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।
