बरेली : यूपी के वाराणसी की नाबालिक किशोरी को पहले बहला फुसलाकर भरोसे में लिया गया। इसके बाद बरेली में देह व्यापार के धंधे में धकेलने का आरोप है। 15 वर्षीय किशोरी का आरोप है कि गिरोह के लोग उसे अलग-अलग होटलों में ले जाकर जबरन देह व्यापार कराते रहे। शुक्रवार रात सेटेलाइट चौराहे के पास होटल से टॉयलेट के बहाने बाहर निकलकर किशोरी पुलिस के पास पहुंच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने होटल में दबिश देकर तीन महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता की तहरीर पर बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
घर से नाराज आई थी, स्टेशन पर फंसाया
वाराणसी जिले की रहने वाली किशोरी ने सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव को बताया कि वह सातवीं कक्षा तक पढ़ी है। जनवरी के पहले सप्ताह में घरवालों की डांट से नाराज होकर वह घर से निकल आई थी।वाराणसी रेलवे स्टेशन पर घूमते समय उसकी मुलाकात एक युवती से हुई। युवती ने उसे अपने झांसे में ले लिया और अपने घर ले जाकर तीन दिन तक रखा। इसके बाद वह किशोरी को बरेली लेकर आई और यहां बबली नाम की महिला को बेच दिया।
कमरे में रखकर होटलों में कराया जाता था देह व्यापार
पीड़िता का आरोप है कि महिला, उसका पति और उनका दोस्त उसे कैंट थाना क्षेत्र के चनेहटी गांव में एक धार्मिक स्थल के पास एक कमरे में रखते थे। इसके बाद ये लोग उसे अलग-अलग होटलों में ले जाकर ग्राहकों के साथ जबरन देह व्यापार कराते थे। गिरोह में दुर्गावती नाम की नेपाली महिला और जसलीन नाम की महिला भी शामिल थीं, जो इस पूरे नेटवर्क में सक्रिय थीं।
फर्जी आधार कार्ड बनाकर बालिग दिखाते थे
किशोरी का आरोप है कि गिरोह के लोगों ने उसका फर्जी आधार कार्ड भी बनवा लिया था। उस आधार कार्ड में उसकी उम्र बढ़ाकर उसे बालिग दिखाया जाता था। इसी आधार कार्ड के सहारे होटल में कमरा लिया जाता और ग्राहकों को सौंप दिया जाता था, जबकि हकीकत में किशोरी की उम्र मात्र 15 वर्ष है।
टॉयलेट के बहाने भागी, पुलिस ने मारा छापा
पीड़िता ने बताया कि वह टॉयलेट के बहाने होटल से भागकर पुलिस के पास पहुंच गई। उसने पुलिस को आपबीती बताई। इसके बाद पुलिस ने होटल में छापा मारकर कार्रवाई की। सीओ तृतीय ने मीडिया को बताया कि होटल से नेपाली महिला समेत तीन महिलाएं व एक पुरुष पकड़ा गया है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है, उनका चालान किया जाएगा। पीड़ित किशोरी के परिजनों को भी सूचना देकर बुलाया है।
