डिलीवरी में देरी और ओवरचार्जिंग की बढ़ती शिकायतों पर जिला पूर्ति विभाग का एक्शन, सुबह 8 से रात 8 बजे तक दर्ज होंगी शिकायतें
बरेली : एलपीजी गैस की आपूर्ति में देरी, डिलीवरी में लापरवाही और तय कीमत से अधिक वसूली की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए जिला पूर्ति विभाग ने सख्त कदम उठाया है।उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए जिला पूर्ति कार्यालय ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है, जिस पर अब लोग सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
डिलीवरी में देरी और ओवरचार्जिंग की मिल रही थीं शिकायतें
जिले में लंबे समय से यह शिकायतें सामने आ रही थीं कि गैस एजेंसियों की लापरवाही के कारण उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। कई मामलों में बुकिंग के बाद भी लोगों को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा था। वहीं कुछ स्थानों पर निर्धारित कीमत से अधिक पैसे वसूलने के आरोप भी लगते रहे हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ाने का निर्णय लिया है।
जारी किया गया हेल्पलाइन नंबर
जिला पूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए 9456667774 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस नंबर पर एलपीजी गैस की बुकिंग, डिलीवरी में देरी, आपूर्ति में समस्या या तय कीमत से अधिक वसूली से संबंधित शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। विभाग के अनुसार यह हेल्पलाइन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक कार्यदिवसों में सक्रिय रहेगी शिकायत मिलने के बाद संबंधित मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार ने मीडिया को बताया कि उपभोक्ताओं को राहत देने और गैस एजेंसियों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए यह हेल्पलाइन शुरू की गई है। यदि किसी एजेंसी की लापरवाही या ओवरचार्जिंग की शिकायत सही पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील की है कि गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें। यदि कहीं भी ओवरचार्जिंग, डिलीवरी में देरी या अन्य परेशानी सामने आए तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर समस्या का समाधान किया जा सके।
