बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम को देर रात गश्त के दौरान सूचना मिली कि गुलजार नगर पीली मिट्टी इलाके के पास एक महिला अवैध मादक पदार्थ बेचने की फिराक में खड़ी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को पकड़ लिया। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका दामाद स्मैक फतेहगंज पश्चिमी से लाकर देता था। जिसके चलते वह परिवार की जीविका चलाने को स्मैक बेचती थी।
तलाशी में मिली 20 ग्राम स्मैक
पुलिस ने जब महिला की तलाशी ली तो उसके पास से स्मैक बरामद हुई। बरामद स्मैक का वजन करीब 20 ग्राम पाया गया। पुलिस के मुताबिक इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी जा रही है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी महिला गरीब है। वह परिवार चलाने को इलाके में घूम-घूम कर स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचती थी।
आरोपी महिला की पहचान
गिरफ्तार महिला की पहचान तारा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सूफीटोला, थाना बारादरी की रहने वाली बताई जा रही है और वर्तमान में जगतपुर इलाके में रह रही थी। पुलिस के अनुसार महिला लंबे समय से नशे के कारोबार में शामिल होने की आशंका है।
एनडीपीएस एक्ट में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर बारादरी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है और उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
