बेटियां बोलिंग – अब हम खुद अपनी सुरक्षा की ढाल हैं, देखने के लायक आत्मविश्वास
बरेली : शहर के सुभाषनगर क्षेत्र में गुरुवार को मिशन शक्ति 5.0 के तहत बेटियों ने आत्मरक्षा के गुर सीखकर और साइकिल रैली निकालकर नारी सशक्तिकरण का प्रेरक उदाहरण पेश किया। गुरु नानक खालसा इंटर कॉलेज में आयोजित आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यशाला में छात्राओं ने प्रशिक्षक रविंदर कौर और गुरप्रीत कौर से आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीके सीखे। प्रशिक्षकों ने छात्राओं को बताया कि खतरे की स्थिति में खुद को कैसे सुरक्षित रखें, किन परिस्थितियों में फिजिकल डिफेंस और स्मार्ट थिंकिंग का इस्तेमाल जरूरी होता है। महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को हेल्पलाइन नंबर 1098, 112, 1090 और 101 की जानकारी दी, और समझाया कि मुसीबत की घड़ी में ये नंबर बेटियों की पहली मददगार बन सकते हैं।
साइकिल रैली बनी सशक्तिकरण की प्रतीक

सदेश भूषण गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने आईपीएस सोनाली मिश्रा के नेतृत्व में दो किलोमीटर लंबी साइकिल रैली निकाली। “नारी शक्ति देश की शक्ति”, “बेटियां नहीं किसी से कम” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
छात्राओं ने जोश और आत्मविश्वास के साथ यह संदेश दिया “अब कोई हमें कमजोर नहीं समझेगा।”
सुरक्षा में रही सुभाषनगर पुलिस की मुस्तैदी
रैली के दौरान थाना सुभाषनगर की पुलिस टीम पूरी तरह मुस्तैद रही।
थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह,उपनिरीक्षक स्वीटी, रविंद्र सिंह, पवन सिंह, जयपाल सिंह, महिला आरक्षी अनीता, अंकित नागर और देवेंद्र कुमार समेत पूरी टीम ने सुरक्षा की कमान संभाली।
आईपीएस सोनाली मिश्रा का संदेश
कार्यक्रम के समापन पर आईपीएस सोनाली मिश्रा ने कहा “मिशन शक्ति जैसी पहलें न केवल बेटियों को सुरक्षा का एहसास कराती हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास भी जगाती हैं। आत्मरक्षा सीखना हर लड़की के लिए जरूरी है। जागरूक और मजबूत बेटियां ही समाज को सुरक्षित बना सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को यह भी प्रेरित किया कि वे अपनी सहेलियों और परिवार की महिलाओं को भी आत्मरक्षा सीखने के लिए प्रेरित करें।
बेटियों का बढ़ता आत्मविश्वास
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, पुलिस अधिकारी और सैकड़ों छात्राएं मौजूद रहीं। छात्राओं के जोश और ऊर्जा ने यह साबित कर दिया कि आज की नई पीढ़ी की बेटियां सिर्फ पढ़ाई में नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा और स्वाभिमान की लड़ाई में भी आगे हैं।
