बरेली : अवैध सट्टे के कारोबार में लंबे समय से पुलिस और प्रशासन के लिए चुनौती बने सट्टा माफिया जगमोहन उर्फ तन्नू पर आखिरकार कानून का शिकंजा कस गया। डीएम अविनाश सिंह के आदेश पर बारादरी थाना पुलिस ने शातिर सट्टेबाज को छह माह के लिए जिला बदर कर बरेली की सीमा से बाहर कर दिया। मोहल्ला गंगापुर, थाना बारादरी निवासी 28 वर्षीय जगमोहन उर्फ तन्नू पूरे जिले में अवैध सट्टे के बड़े नेटवर्क का संचालन कर रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ बारादरी और कोतवाली थानों में 11 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी हो चुकी है, इसके बावजूद वह बेखौफ होकर सट्टे का धंधा चला रहा था।
11 मुकदमे, गैंगस्टर एक्ट भी बेअसर रहा
पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर जिला प्रशासन ने उसे गुंडा प्रवृत्ति का अपराधी मानते हुए जिला बदर करने का फैसला लिया। शनिवार को बारादरी पुलिस ने सख्त संदेश देते हुए फिल्मी अंदाज में कार्रवाई की। पुलिस टीम ढोल-नगाड़ों के साथ सट्टा किंग तन्नू को बरेली-पीलीभीत बॉर्डर तक छोड़कर आई। यह पूरी कार्रवाई क्षेत्राधिकारी तृतीय पंकज श्रीवास्तव के निर्देशन में की गई, जिसमें वे स्वयं मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान प्रभारी निरीक्षक नवाबगंज और उनकी टीम भी साथ रही।
फिल्मी अंदाज में कार्रवाई, सट्टा माफिया तन्नू को पुलिस ने बॉर्डर तक छोड़ा
पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि जिला बदर अवधि के दौरान यदि जगमोहन उर्फ तन्नू बरेली की सीमा में दोबारा प्रवेश करता है तो उसे तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद जिले के सट्टेबाजों और अपराधियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने पुलिस की इस सख्ती का स्वागत किया है।
