बरेली : रमज़ान के मुकद्दस महीने का आखिरी जुमा यानी जुमा -तुल- विदा आज पूरे शहर में अकीदत और एहतराम के साथ अदा किया जाएगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में नमाज़ियों के जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। शहर के प्रमुख चौराहों, मस्जिदों और दरगाहों के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जिससे बरेली का माहौल छावनी जैसा नजर आ रहा है। दरगाह आला हज़रत के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा खां कादरी ने बताया कि 13 मार्च 2026 को देशभर में जुमा-तुल-विदा की नमाज़ अदा की जा रही है।उन्होंने कहा कि अगर 19 मार्च को ईद का चांद नजर आता है, तो 20 मार्च को ईद-उल-फितर मनाई जाएगी, जबकि चांद न दिखने की स्थिति में 21 मार्च को ईद मनाई जा सकती है।
मस्जिदों और दरगाहों में तैयारियां पूरी
जुमा-तुल-विदा के मद्देनज़र शहर की मस्जिदों और दरगाहों में साफ -सफाई, पानी और नमाज़ियों की सहूलियत के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। दरगाह आला हज़रत के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी के मुताबिक शहर में नमाज़ का सिलसिला दोपहर 12:45 बजे से शुरू होकर शाम 3:30 बजे तक चलेगा, ताकि अलग-अलग समय पर नमाज़ अदा कर भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
1:30 बजे जामा मस्जिद में मुख्य नमाज़
शहर के किला स्थित ऐतिहासिक जामा मस्जिद में जुमा-तुल-विदा की मुख्य नमाज़ दोपहर 1:30 बजे अदा की जाएगी। इसके अलावा शहर की कई प्रमुख मस्जिदों, जैसे नूरजहां मस्जिद, काकरटोला की छह मीनारा मस्जिद, मलूकपुर की मुफ्ती आज़म हिंद मस्जिद, शाहदाना मुस्तफाई मस्जिद और कादरिया मस्जिद—में भी इसी समय नमाज़ का आयोजन किया जाएगा।
दोपहर 12:45 बजे से शुरू होगा नमाज़ का सिलसिला
शहर की कई मस्जिदों और खानकाहों में नमाज़ 12:45 बजे से शुरू होगी। इनमें खानकाह -ए- वामिकिया, पीराशाह मस्जिद (जसोली), गुरुड़ वाली मस्जिद (बालजती), हाथीखाना मस्जिद (कैंट) और लीची बाग की फैजाने मदीना मस्जिद शामिल हैं। इसके बाद 1:00 बजे से दरगाह शाह शराफत अली मियां, दरगाह वली मियां, हरी मस्जिद आज़म नगर, मोती मस्जिद कोतवाली और कुतुबखाना की जहानी मस्जिद समेत कई मस्जिदों में नमाज़ अदा की जाएगी।
1:45 से 3:15 बजे तक अलग-अलग मस्जिदों में नमाज़
शहर की मिर्जाई मस्जिद, रेलवे जंक्शन की नूरी मस्जिद और कुतुबखाना मस्जिद में 1:45 बजे नमाज़ होगी। इसके बाद 2:00 बजे से दरगाह ताजुश्शरिया, शाहदाना वली मस्जिद, बीबी जी मस्जिद और हबीबिया रजविया मस्जिद में नमाज़ अदा की जाएगी। इसके अलावा 2:30 बजे नोमहला मस्जिद (सिविल लाइंस), 2:45 बजे गढ़या की नूरी मस्जिद, 3:00 बजे खन्नू मोहल्ला की दादा मियां मस्जिद और 3:15 बजे बुखारपुरा की बुद्ध वाली मस्जिद में नमाज़ अदा की जाएगी।
3:30 बजे दरगाह आला हज़रत में होगी अंतिम नमाज़
विश्व प्रसिद्ध दरगाह आला हजरत की रज़ा मस्जिद में जुमा-तुल-विदा की नमाज़ शाम 3:30 बजे अदा की जाएगी। इसी समय खानकाह -ए- नियाज़िया और शहर की कुछ अन्य मस्जिदों में भी नमाज़ का आयोजन होगा।
हजारों नमाज़ियों के पहुंचने की उम्मीद
जुमा-तुल-विदा के मौके पर बरेली की प्रमुख दरगाहों और मस्जिदों में हजारों की संख्या में नमाज़ियों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन और मस्जिद कमेटियों की ओर से सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और नमाज़ियों की सहूलियत के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
आखिरी जुमे पर होगी खास दुआ
रमज़ान के आखिरी जुमे पर मुसलमान अल्लाह की इबादत, दुआ और सदक़ा-खैरात के जरिए पूरे महीने की इबादत को मुकम्मल करने की कोशिश करते हैं। यह दिन रमज़ान की रुखसती और ईद-उल-फितर की आमद का पैगाम भी लेकर आता है। इस दौरान देश के अमन के लिए खास दुआ की जाएगी।
