बरेली : यूपी के बरेली जिले के सिरौली थाना क्षेत्र के गुरवा गांव में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) सहारनपुर और बरेली यूनिट की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यहां छापा मारकर अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया। टीम जब मौके पर पहुंची तो खेतों में बड़े पैमाने पर अफीम की फसल उगाई जा रही थी।
दो करोड़ से ज्यादा कीमत की फसल बरामद
अधिकारियों के अनुसार मौके पर पकड़ी गई अफीम की फसल की अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। जांच में यह भी सामने आया कि यह अवैध खेती छत्रपाल और राजेश्वर नाम के लोगों द्वारा की जा रही थी। हालांकि टीम के पहुंचने की भनक लगते ही दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध नशीले पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
