बरेली : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक पर हुए कथित जानलेवा हमले के विरोध में संगठन के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य को संबोधित ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। एबीवीपी कार्यकर्ताओं के मुताबिक, परिषद के जिला संयोजक शुभ गंगवार पर 9 मार्च की शाम ग्राम सिंधौरा के पास बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर जानलेवा हमला किया था। बताया गया कि उस समय शुभ गंगवार कार से अपने नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज जा रहे थे, तभी बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। हालांकि घटना में वह बाल-बाल बच गए।
तीन दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, कार्यकर्ताओं में नाराजगी
एबीवीपी पदाधिकारियों का कहना है कि घटना को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इससे संगठन के कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इस तरह की गंभीर घटना के बाद भी पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।
24 घंटे में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन के माध्यम से एबीवीपी ने प्रशासन को 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी करने की मांग की है। साथ ही परिषद ने जिला संयोजक शुभ गंगवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो एबीवीपी बरेली में उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग
इस दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्र नेताओं पर हमले की घटनाएं चिंता का विषय हैं, और ऐसे मामलों में पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
