बरेली : यूपी के बरेली में फरियादियों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एसएसपी (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक) कार्यालय परिसर में नए ‘संवेदना कक्ष’ (फरियादी कक्ष) और पेंशनर कक्ष की शुरुआत की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने गुरुवार को इन सुविधाओं का उद्घघाटन कराया। इस दौरान एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने फीता काटकर पेंशनर कक्ष का शुभारंभ किया। एसएसपी ने मीडिया को बताया कि फरियादियों के लिए बनाए गए संवेदना कक्ष में करीब 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है, ताकि अपनी शिकायत लेकर आने वाले लोगों को धूप और भीड़ में खड़े होकर इंतजार न करना पड़े।इसके साथ ही पुलिस परिवार के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए अलग से पेंशनर कक्ष बनाया गया है। इन दोनों कक्षों के निर्माण के लिए शासन से बजट उपलब्ध कराया गया था। इसके निर्माण में गुणवत्ता का ख्याल रखा गया है।
महिला आईपीएस से कराया उद्घघाटन
संवेदना कक्ष का उद्घघाटन महिला आईपीएस एसपी साउथ अंशिका वर्मा से कराया गया। कार्यक्रम के दौरान जनसुनवाई के लिए आई थाना सुभाषनगर क्षेत्र की एक महिला को मंच पर बुलाकर फीता कटवाया। इसके बाद उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों की शिकायतें भी सुनीं, और अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए।
गर्मियों को देखते हुए खास इंतजाम
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मियों के मौसम को देखते हुए फरियादियों के लिए ठंडे पानी, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। संवेदना कक्ष में व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंस्पेक्टर, दरोगा और सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है, ताकि फरियादियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि फरियादियों की शिकायतों का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनना और समय पर समाधान देना है। इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट मनोज हरित, पूर्व आरआई जगदीश सिंह पाटनी समेत तमाम अफसर मौजूद थे।
