जाट रेजीमेंट सेंटर में चल रही भर्ती के दौरान दूसरे राउंड की दौड़ में हुआ हादसा, एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में चल रही अग्निवीर भर्ती के दौरान एक युवक दौड़ लगाते समय अचानक गिरकर घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद सेना और पुलिसकर्मियों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर युवक को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, बहराइच जिले के थाना हुजूरपुर क्षेत्र के गांव भैंहँसा निवासी 21 वर्षीय।नवीन कुमार जाट रेजिमेंटल सेंटर में चल रही अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेने आए थे। भर्ती के दौरान अभ्यर्थियों की दौड़ चल रही थी। इसी दौरान दूसरे राउंड में दौड़ लगाते समय नवीन कुमार अचानक गिर पड़े, जिससे उनके दाएं पैर में गंभीर चोट लग गई।
जिला अस्पताल में इलाज को कराया भर्ती
इस घटना के बाद भर्ती स्थल पर मौजूद आर्मी पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को बुलाया गया।एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों की टीम द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है।परिवार को दी गई सूचना घटना की जानकारी युवक के परिजनों को भी दे दी गई है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक घायल युवक के पैर में चोट आई है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।
अग्निवीर भर्ती में बड़ी संख्या में पहुंच रहे युवा
बरेली स्थित जाट रेजीमेंट सेंटर में इन दिनों अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। जिसमें उत्तर प्रदेश और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में युवा सेना में भर्ती होने का सपना लेकर पहुंच रहे हैं। भर्ती के दौरान दौड़ और अन्य शारीरिक परीक्षण लिए जा रहे हैं। फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है और डॉक्टरों का कहना है कि उपचार के बाद ही उसकी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
