पूर्व विधायक विजयपाल सिंह बोले- भाजपा राज में PDA पर जुल्म बढ़ा, संविधान बचाने का काम अखिलेश यादव ने किया
बरेली : यूपी के बरेली देहात के फरीदपुर विधानसभा के धीरपुर गांव में संत रविदास जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सपा नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, एसआईआर प्रभारी एवं पूर्व एमएलसी शशांक यादव ने कहा कि मौजूदा सरकार झूठे जुमलों के सहारे सत्ता चला रही है, और अब जनता के वोट के अधिकार को छीनने की कोशिश की जा रही है। पूर्व जिलाध्यक्ष शशांक यादव ने कहा कि नाम और पहचान के आधार पर समाज को बांटने की साजिश चल रही है। उन्होंने 2016 में रोहित वेमुला समेत कई युवाओं पर हुए अत्याचारों का जिक्र करते हुए कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक जाना पड़ा, कानून बना, लेकिन अब उस पर रोक लगा दी गई है।

संविधान सभा में 290 सवर्ण
उन्होंने कहा कि PDA का मतलब पीड़ित, दलित और अपमानित वर्ग है। करीब 90 साल के लंबे संघर्ष के बाद देश को संविधान मिला, जिसने हर नागरिक को सम्मान और बराबरी का अधिकार दिया। संविधान सभा के 364 सदस्यों में से 290 सवर्ण थे, उनकी सहमति से संविधान बना, जो इसकी व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाता है।

“बाबा साहब ने संघर्ष के बाद दिलाया वोट का अधिकार”
शशांक यादव ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने एक दिन में वोट का अधिकार नहीं दिया, बल्कि लंबे संघर्ष के बाद यह अधिकार मिला। आज उसी अधिकार को खत्म करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कार्पोरेट की तलवार पूरे देश पर चल रही है, नौकरियां खत्म हो रही हैं और युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है।
विजयपाल सिंह का हमला- PDA को सम्मान सपा ने दिलाया
कार्यक्रम के आयोजक एवं पूर्व विधायक विजयपाल सिंह ने बड़ी संख्या में जुटी भीड़ का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार में दलितों और कमजोर वर्गों पर अत्याचार बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि PDA को सम्मान दिलाने का काम समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव ने किया है।
भाजपा सरकार में गरीब-किसान पर जुल्म : शहजिल इस्लाम
विधायक शहजिल इस्लाम ने कहा कि भाजपा शासन में गरीब, किसान और युवाओं पर जुल्म बढ़ते जा रहे हैं। वहीं महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
लोकसभा 2024 में PDA की जीत : शिवचरण कश्यप
निवर्तमान जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप ने कहा कि अखिलेश यादव ने PDA का नारा दिया और उसी के दम पर लोकसभा चुनाव 2024 में जीत दर्ज की गई। पूर्व जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने सपा सरकार में न्याय मिलने की कही।
इन नेताओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुल्तान बेग, प्रदेश प्रवक्ता मुहम्मद साजिद, जिला महासचिव संजीव यादव, पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद, अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर अनीस अहमद खां, जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव, महिला सभा जिलाध्यक्ष स्मिता यादव, ब्लॉक प्रमुख जगमोहन यादव, राजकुमार पाल, नदीम अली खां, ताजुद्दीन, बलराम यादव, अरविंद यादव, राजेश मौर्य, पीयूष वर्मा, कलीमुद्दीन, अमित राज यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नुसरत शेख ने किया।
