बरेली: थाना शाही पुलिस ने डायल 112 पर दर्ज लूट की सूचना का तेजी से खुलासा करते हुए बड़ा फर्जीवाड़ा सामने लाया है। जांच में पता चला कि जिस लूट की शिकायत की गई थी, वह पूरी तरह मनगढ़ंत थी। पुलिस ने सूचनाकर्ता के पास से ही ई-रिक्शा और मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
चार बदमाशों की बताई थी मनगढ़ंत वारदात
सूचनाकर्ता महेशपाल ने दावा किया था कि गौरा मोड़ के पास चार अज्ञात लोगों ने तमंचा दिखाकर उसका ई-रिक्शा, 9 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, लेकिन कहीं कोई सबूत नहीं मिला।
पूछताछ में सामने आई सच्चाई
पुलिस की सख्ती पर महेशपाल टूट गया और उसने स्वीकार किया कि ई-रिक्शा की किस्तें न चुका पाने के कारण उसने लूट की झूठी कहानी बनाई थी। उसकी निशानदेही पर ई-रिक्शा, मोबाइल फोन, बैटरी और मोटर बरामद कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है
