बरेली: सुभाषनगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए अभद्र टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पूर्व भाजपा नेता अमरदीप को गाजियाबाद की एक युवती के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने और उसके भाई को धमकाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
फेसबुक कमेंट से शुरू हुआ विवाद
गाजियाबाद के मुरादनगर निवासी युवक ने सुभाषनगर थाने में तहरीर देकर बताया कि अमरदीप ने उसकी बहन के बारे में फेसबुक पर अशोभनीय और अपमानजनक टिप्पणी की। आरोपी अमरदीप भाजपा अनुसूचित मोर्चा (युवा) बरेली इकाई का पूर्व अध्यक्ष रह चुका है।
फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी
पीड़ित युवक का कहना है कि जब उसने फेसबुक आईडी के जरिए आरोपी का मोबाइल नंबर निकालकर संपर्क किया, तो आरोपी ने न सिर्फ गाली-गलौज की बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी।
मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर सुभाषनगर पुलिस ने मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की। सुभाषनगर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने The Justice Hindi को बताया कि इस मामले में मुकदमा लिखा जा चुका है और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने या धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पूछताछ में आरोप स्वीकार
पुलिस पूछताछ के दौरान अमरदीप ने आरोप स्वीकार करते हुए बताया कि उसे लगभग एक साल पहले भाजपा से पद से हटा दिया गया था। आरोपी ने अपने कृत्य के लिए माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी गलती न करने की बात कही है।
