बरेली : 1500वां ईद मिलादुन्नबी इस बार बरेली में शानो-शौकत और रिवायती अंदाज़ में मनाया जाएगा। शहर के पुराने और नए इलाकों को रोशनी से सजाया गया है, और जगह-जगह महफ़िलें, नातिया प्रोग्राम और कुरआन ख्वानी का आयोजन होगा। जमात रज़ा-ए-मुस्तफ़ा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खान ‘फरमान मियां’ ने देशवासियों को ईद मिलादुन्नबी की दिली मुबारकबाद दी। इसके साथ ही सभी अंजुमनों से अपील की। बोले, जुलूस शरीयत के दायरे में निकाला जाए। किसी भी अंजुमन को हथियार लेकर शामिल होने की इजाज़त नहीं है।
शोर-शराबा और अनुशासनहीनता से बचें
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/fgEbDFMYSp4?si=lK7wnvBHRiUoA8bS
उन्होंने कहा सभी लोग सादगी के साथ दुरूद शरीफ़ पढ़ते हुए शामिल हों, और भाईचारे व अमन का पैग़ाम आम करें। फरमान मियां ने बताया कि मथुरापुर मदरसा जमियातुर रज़ा में करीब 50 से अधिक अंजुमनों को सम्मानित किया जाएगा। पुराने शहर और नए शहर दोनों इलाकों में जमात रज़ा-ए-मुस्तफ़ा के पदाधिकारी सक्रिय रहेंगे, ताकि किसी को कोई दिक्कत न हो। शहर की गलियां और चौक जगमग रोशनी से सजेंगे और माहौल “या रसूल अल्लाह” के नारों और नात-ओ-कसीदों से रौशन होगा। इस मौके पर मस्जिदों और मदरसों में खास सजावट के साथ कुरआन ख्वानी और दुआ का आयोजन होगा।
सोहार्द, और मुहब्बत को दें बढ़ावा
उन्होंने युवाओं से खास अपील की कि वे आपसी सौहार्द और मोहब्बत को बढ़ावा दें। फरमान मियां ने कहा “ईद मिलादुन्नबी सिर्फ जश्न का दिन नहीं बल्कि इंसानियत और एकता का पैग़ाम देने का दिन है।”प्रशासन ने भी सुरक्षा और प्रबंधन की पूरी तैयारी कर ली है। ट्रैफिक व्यवस्था से लेकर जुलूस के रूट तक नक्शा तैयार कर लिया गया है और जगह-जगह सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यह 1500वां ईद मिलादुन्नबी आस्था, अनुशासन और भाईचारे की मिसाल बनकर इतिहास में दर्ज होगा।
1500वें ईद मिलादुन्नबी 150 बच्चों को मिलेगी मुफ्त शिक्षा
1500वें ईद मिलादुन्नबी के मौके पर जमात रज़ा-ए-मुस्तफ़ा के राष्ट्रीय महासचिव और आलाहज़रत ताजुशशरिया वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक फरमान हसन खान ‘फरमान मियां’ ने ऐतिहासिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब से हर साल 150 गरीब और मेधावी बच्चों को मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। इसमें NEET, इंजीनियरिंग, UPSC की तैयारी के साथ-साथ कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई शामिल होगी। बच्चों को किताबें, स्टेशनरी और ज़रूरी संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिक्षा ही समाज को तरक्की
फरमान मियां ने कहा “शिक्षा ही समाज को तरक्की और जागरूकता की राह पर ले जाती है। हमारा लक्ष्य है कि गरीब बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर और वैज्ञानिक बनकर मुल्क की सेवा करें।”इस नेक पहल का शहरभर में स्वागत किया गया और इसे आने वाली नस्लों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिसाल बताया गया।
