घर में चल रही थी इफ्तार की तैयारी, एक पल की लापरवाही और बुझ गई नन्ही सांसें
बरेली : यूपी के बरेली देहात के दुनका क्षेत्र के गांव ठिरिया कल्यानपुर में एक दर्दनाक हादसे में 15 महीने के मासूम बच्चे की पानी भरी बाल्टी में डूबकर मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब परिवार के लोग रोजा इफ्तार में व्यस्त थे। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों के मुताबिक ठिरिया कल्यानपुर निवासी इंतजार अहमद के परिवार के सभी लोग रविवार को रोजा रखे हुए थे। शाम के समय सभी लोग इफ्तार की तैयारी और रोजा खोलने में व्यस्त थे।
आंगन में खेल रहा था यशर
इसी दौरान उनका 15 महीने का बेटा याशर घर के आंगन में खेल रहा था। खेलते-खेलते वह बाथरूम में पहुंच गया, जहां पानी से भरी एक बाल्टी रखी थी। बताया जा रहा है कि बच्चा बाल्टी के पास पानी से खेलने लगा और इसी दौरान वह औंधे मुंह बाल्टी में गिर गया, जब कुछ देर तक बच्चा दिखाई नहीं दिया तो परिवार के लोगों ने उसे घर और आसपास ढूंढना शुरू किया। काफी देर तक तलाश के बावजूद जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और गांव में भी उसकी खोज शुरू कर दी गई।
बाथरूम में मिला मासूम का शव
इसी दौरान जब परिजन घर के बाथरूम में पहुंचे तो देखा कि मासूम याशर पानी भरी बाल्टी में पड़ा हुआ है। उसे बाहर निकालकर देखा गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और मां फरीन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिवार में मातम, गांव में शोक
बताया जा रहा है कि याशर दो भाई-बहनों में सबसे छोटा था। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सोमवार सुबह परिजनों ने मासूम को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
