बरेली: शहर में ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वाले एक सिपाही पर सख्त कार्रवाई की गई है। एसएसपी अनुराग आर्य ने गंभीर आरोप सामने आने के बाद बहेड़ी थाने में तैनात एक सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
अवकाश खत्म होने के बाद भी ड्यूटी पर नहीं लौटा
जानकारी के अनुसार आरक्षी संख्या 3906, विशु बालियान, जो वर्तमान में थाना बहेड़ी में तैनात थे 8 फरवरी को पांच दिन के पारितोषिक अवकाश पर गया था। उसका अवकाश 12 फरवरी को समाप्त हो गया था, लेकिन अवकाश खत्म होने के बाद भी वह समय पर ड्यूटी पर वापस नहीं लौटा और बिना सूचना के लगातार अनुपस्थित रहा।
महत्वपूर्ण कार्यों में भी नहीं ली रुचि
पुलिस विभाग के अनुसार शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय लखनऊ द्वारा संचालित ‘यक्ष एप’ जैसे जरूरी कार्यों की जानकारी होने के बावजूद भी सिपाही ने उसमें कोई रुचि नहीं दिखाई। इसे भी गंभीर लापरवाही माना गया।
एसएसपी ने किया निलंबित, विभागीय जांच शुरू
इन सभी आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं, ताकि तथ्यों की पूरी तरह से जांच की जा सके।
