बरेली : यूपी के बरेली देहात के शेरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बैरमनगर में शनिवार रात पुरानी रंजिश को लेकर एक किसान की हत्या कर दी गई। किसान भूपसिंह यादव (50 वर्ष) खेत पर अपने बटाईदार धर्मपाल सिंह के साथ बैठे थे, तभी गांव के ही तुलाराम, उसके बेटे पप्पू और संजीव, और वकील अहमद मौके पर पहुंचे। आरोप है कि पहले गाली -गलौज की गई, फिर बांके से भूपसिंह की गर्दन पर वार करके हत्या कर दी गई। धर्मपाल ने बताया कि हमला उनके ऊपर भी हुआ, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर भाग निकले और घटना की जानकारी भूपसिंह के बेटे भूपेंद्र को दी। परिजन गंभीर हालत में भूपसिंह को अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

नामजद आरोपियों पर केस दर्ज
मृतक के बेटे भूपेंद्र की तहरीर पर तुलाराम,उसके बेटे पप्पू, संजीव,और वकील अहमद के खिलाफ कत्ल की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना के बाद गांव में भीड़ जमा हो गई। फील्ड यूनिट ने मौके से रक्त के नमूने और हथियार के निशान सहित साक्ष्य जुटाए। एसपी उत्तरी मुकेश मिश्र ने बताया कि“दोनों पक्षों में पुराना मनमुटाव था। गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद पूरी सच्चाई सामने आएगी।”पुलिस ने आरोपी पक्ष के कुछ सदस्यों को हिरासत में भी लिया है।
