बरेली : यूपी के बरेली देहात की फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को अखिल भारतीय विश्वकर्मा मैथिल महासभा की ओर से भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक विजयपाल सिंह ने किया। इसमें बड़ी संख्या में विश्वकर्मा समाज और क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।पूरे कार्यक्रम में होली के रंग, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का माहौल देखने को मिला।समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा थे। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को होली की शुभकामनाएं देते हुए समाज में एकता, भाईचारे और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। बोले – समाजवादी पार्टी ने हमेशा सभी वर्गों के अधिकारों के लिए काम किया है। मगर, भाजपा का काम सिर्फ जनता को परेशान करना है। सबसे पहले नोटबंदी के चलते देश के लोग बैंकों के बाहर लाइनों में लगे थे। इसमें सैकड़ों लोग दुनिया से चले गए। इसके बाद जीएसटी, कोरोना, और अब गैस सिलेंडर के लिए लाइन में लगे हैं।
2027 में बनेगी सपा सरकार
मुख्य अतिथि राम आसरे विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा समाज के हर वर्ग के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया है।उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता बदलाव चाहती है, और वर्ष 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा सामाजिक न्याय, भाईचारे और समान अवसर की बात करती है और यही विचारधारा प्रदेश को विकास की नई दिशा दे सकती है।
नफरत की राजनीति करती है भाजपा : विजयपाल सिंह
इस दौरान पूर्व विधायक विजयपाल सिंह ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन लोगों को एक मंच पर लाते हैं और समाज में आपसी संवाद व सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा भाजपा सिर्फ नफरत की राजनीति करती है। भाई को भाई से लड़ाती है। मगर, सपा लोगों को जोड़ने का काम करती है। उन्होंने देश की बर्बाद होती अर्थव्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी को लेकर भी सरकार को घेरा।
गुलाब लगाकर दी बधाई
पूर्व विधायक विजयपाल सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की एकजुटता ही क्षेत्र के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। इस दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और समाज में प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल रहा।
भाजपा पर हमलावर थे सपाई
समारोह में सपा नेताओं ने भाजपा सरकार की नाकामियों को गिनाया। इसके साथ ही सपा सरकार की उल्पब्धियां रखीं। इस दौरान सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप, निवर्तमान जिला महासचिव संजीव यादव, पूर्व प्रत्याशी राजेश अग्रवाल, संजीव यादव, बलराम यादव, राजकुमार पाल, धीरेन्द्र सिंह, सतीश यादव, राजेश यादव, संत प्रसाद, नरेश प्रसाद विश्वकर्मा, रामसेवक शर्मा, अखिलेश शर्मा, ओमवीर शर्मा, मदनलाल शर्मा, आशुतोष शर्मा, कुलदीप शर्मा, हरीश चन्द्र मैथिल, अमित शर्मा, सतीश मैथिल, वेदप्रकाश शर्मा, राजेश शर्मा, डॉ. सतीश शर्मा, घनश्याम शर्मा, रामलड़ैते विश्वकर्मा, लोचन शर्मा, वीरपाल शर्मा, रमेश विश्वकर्मा, सियाराम शर्मा, अनिल शर्मा, विक्की शर्मा, दीनदयाल शर्मा और नीरज शर्मा आदि मौजूद थे।
