बरेली: देवरनिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान जैरुद्दीन उर्फ समीर निवासी ग्राम अभयपुर के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने उसे कल्लू धर्मकांटा के पास अभयपुर रोड से दबोचा, जहां वह मारुति वैन में बैठकर चरस बेचने की फिराक में था। तलाशी में उसके पास से करीब 160 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी की गाड़ी को भी सीज कर दिया है, क्योंकि वह वाहन के कागजात नहीं दिखा सका। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बेरोजगारी के चलते नशा बेचने लगा था और खुद भी इसका सेवन करता है।

थाना किला क्षेत्र में स्मैक तस्कर गिरफ्तार
वहीं दूसरी ओर थाना किला पुलिस ने गश्त के दौरान स्वालेनगर इलाके से इरशाद अली उर्फ निक्की नामक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 11.39 ग्राम स्मैक बरामद की है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पूछताछ में सामने आया है कि इस मामले में एक अन्य व्यक्ति ‘बंटी’ की भी भूमिका है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
