बरेली : शहर के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में एक स्कूल के शिक्षक पर छात्र की पिटाई करने का गंभीर आरोप सामने आया है। घायल छात्र का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया है, और परिजनों ने शिक्षक व स्कूल प्रबंधन के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पीड़ित की मां का आरोप है कि शिक्षक ने बेवजह बेटे को पीटा है। जिसके चलते उसकी तबीयत बिगड़ गई। शहर के थाना सुभाष नगर क्षेत्र के करगैना चौकी अंतर्गत विवेक विहार कॉलोनी निवासी लवली ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को स्कूल में शिक्षक ने बुरी तरह पीट दिया। उनका कहना है कि उनके दो बेटे 15 वर्षीय कृष्णा अग्निहोत्री और 9 वर्षीय देव बदायूं रोड स्थित एक निजी इंटर कॉलेज में पढ़ते हैं। कृष्णा कक्षा 9 का छात्र है, जबकि छोटा बेटा देव कक्षा 4 में पढ़ता है।
लात-घुसों से पिटाई का आरोप
पीड़ित मां के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 8 बजे दोनों बच्चे रोज की तरह स्कूल गए थे। आरोप है कि स्कूल में तैनात शिक्षक भागवत ने किसी बात को लेकर कृष्णा अग्निहोत्री को डांटना शुरू कर दिया और बाद में लाठी-डंडे, लात और घुसा से उसकी पिटाई कर दी। आरोप यह भी है कि शिक्षक ने छात्र के पेट में घूंसे मारे, जिससे वह दर्द से रोने लगा।
रोते हुए घर पहुंचा छात्र, मां को बताई आपबीती
घटना के बाद कृष्णा अग्निहोत्री रोते हुए घर पहुंचा और पूरी घटना अपनी मां को बताई। बेटे की हालत देखकर मां तुरंत स्कूल पहुंची और मामले की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। उनका कहना है बेटे को भी नहीं लाने दे रहे थे।
स्कूल प्रबंधन पर बदसलूकी का आरोप
पीड़ित मां लवली का आरोप है कि जब उन्होंने स्कूल पहुंचकर बेटे की गलती के बारे में पूछा, तो वहां मौजूद स्कूल प्रबंधन के लोगों ने उनके साथ बदसलूकी की। इसके बाद उन्होंने शिक्षक और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ थाना सुभाष नगर में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मीडिया को बताया कि तहरीर के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
