बरेली : बरेली के सैन्य क्षेत्र स्थित जाट रेजिमेंटल सेंटर में बुधवार से अग्निवीर भर्ती रैली की शुरुआत हो गई। भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए मंगलवार रात से ही विभिन्न जिलों के हजारों अभ्यर्थी शहर पहुंचने लगे थे। पहले दिन टेक्निकल पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई, जबकि गुरुवार को ट्रेड्समैन पदों के लिए भर्ती आयोजित की जाएगी। सेना अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को दलालों से दूर रहने और भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचने की सलाह दी है। हालांकि, भर्ती से पहले प्रशासन और नगर निगम द्वारा किए गए इंतजामों के दावे पहले ही दिन कमजोर पड़ते नजर आए। शहर में बनाए गए अस्थायी शेल्टर होम में बिजली, पानी और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण अभ्यर्थियों को रातभर परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शेल्टर होम में नहीं मिली बुनियादी सुविधाएं
अग्निवीर भर्ती रैली के लिए नगर निगम की ओर से 11 शेल्टर होम बनाए जाने का दावा किया गया था, जिनमें सात स्थायी और पांच अस्थायी थे। लेकिन कई स्थानों पर इन व्यवस्थाओं की स्थिति बेहद खराब मिली। सेटेलाइट बस अड्डे के पास बने अस्थायी शेल्टर होम में बिजली और पानी की व्यवस्था नहीं थी। यहां गद्दे और चादर जैसी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं थीं।आसपास कीचड़ और गंदगी के कारण अभ्यर्थियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई युवाओं को मोबाइल की टॉर्च जलाकर रात बितानी पड़ी। वहीं पुराने रोडवेज बस स्टैंड के पास बने शेल्टर होम में गद्दे और लिहाफ इतने गंदे थे कि उनका उपयोग करना मुश्किल हो गया। यहां भी बिजली और पानी की सुविधा नहीं थी।
मच्छरों के बीच धुआं करके काटी रात
शेल्टर होम में मच्छरों का जबरदस्त प्रकोप देखने को मिला। स्वास्थ्य और मलेरिया विभाग की ओर से भी कोई प्रभावी इंतजाम नहीं दिखाई दिया। परेशान अभ्यर्थियों ने मच्छरों से बचने के लिए धुआं करके किसी तरह रात गुजारी।

12 जिलों के युवा हो रहे भर्ती में शामिल

सेना भर्ती कार्यालय बरेली के अंतर्गत बरेली, बदायूं, बहराइच, बलरामपुर, फर्रुखाबाद, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत और हरदोई जिले आते हैं। इन जिलों के हजारों युवा भर्ती रैली में भाग लेने के लिए बरेली पहुंचे हैं। यह भर्ती रैली 11 से 23 मार्च तक चलेगी। पहले दिन लगभग 1094 अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
भर्ती के बीच SI परीक्षा से बढ़ सकती है परेशानी
अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान ही 14 और 15 मार्च को उत्तर प्रदेश पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा भी आयोजित होनी है। इसके लिए बरेली में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और करीब 38 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचेंगे। ऐसे में यदि प्रशासन ने जल्द व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया तो शहर में आवास, यातायात और व्यवस्थाओं को लेकर बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है।
