बरेली : शहर के कैंट क्षेत्र में स्थित कुमार इंडेन गैस एजेंसी पर शुक्रवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा। स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि गैस सिलेंडर की बुकिंग कराने के बावजूद उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं दिए जा रहे हैं और एजेंसी द्वारा मनमानी की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एजेंसी में जांच शुरू की।
मौके पर मिले कई भरे और खाली सिलेंडर

जांच के दौरान मौके पर कई भरे हुए गैस सिलेंडर और करीब दो दर्जन खाली सिलेंडर पाए गए। प्रशासन की टीम को देखकर एजेंसी में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कार्रवाई की जानकारी मिलते ही एजेंसी के कर्मचारी ऑफिस बंद कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने एजेंसी के रिकॉर्ड और अन्य व्यवस्थाओं की भी जांच की।
जांच रिपोर्ट के बाद हो सकती है सख्त कार्रवाई
अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या उपभोक्ताओं के साथ लापरवाही सामने आती है तो एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आम जनता को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना एजेंसियों की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
