बरेली: यूपी के बरेली में भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन टीम) ने सदर तहसील के राजस्व विभाग में में तैनात एक लेखपाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई रोजगार कार्यालय बरेली के मेन गेट के पास की गई। टीम ने आरोपी को रिश्वत की रकम लेते ही मौके पर दबोच लिया। इससे तहसील क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
शिकायत मिलने के बाद बनाई ट्रैप की योजना
जानकारी के अनुसार शहर के सुभाष नगर थाना क्षेत्र निवासी भारतेन्द सिंह सोनकर ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि सदर तहसील में तैनात लेखपाल महेश कुमार उनकी पत्नी के हैसियत प्रमाण पत्र पर रिपोर्ट लगाने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम बरेली ने पूरे मामले की जांच की और आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की।
रिश्वत लेते ही टीम ने किया गिरफ्तार
सोमवार शाम तय योजना के तहत शिकायतकर्ता आरोपी के पास पहुंचा, जैसे ही लेखपाल ने 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, पहले से घात लगाए एंटी करप्शन टीम ने उसे तुरंत पकड़ लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली। इस कार्रवाई का नेतृत्व ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह ने अपनी टीम के साथ किया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज
गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी लेखपाल को अपने साथ ले गई। उसके खिलाफ बरेली के कोतवाली थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एंटी करप्शन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी शिकायत तुरंत विभाग से करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में शिकायत मिलने पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
