मुंबई/लखनऊ: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि देश की अर्थव्यवस्था को सबसे ज्यादा फायदा कल्चरल क्रिएटिविटी और हैंडीक्राफ्ट से मिल सकता है। उनका कहना है कि जब समाज में क्रिएटिविटी, पॉजिटिविटी और समानता बढ़ती है तो उससे आर्थिक विकास का रास्ता भी खुलता है।रविवार को विजन इंडिया कार्यक्रम के तहत मुंबई में आयोजित क्रिएटिव इकोनॉमी विषय पर सेमिनार में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री ने कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि क्रिएटिविटी इंसानियत को बेहतर बनाती है और इससे समाज में सकारात्मक बदलाव आता है।
समाजवादी सरकार के कामों का किया जिक्र
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार के दौरान किए गए कई विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने 20 लाख छात्रों को लैपटॉप देकर डिजिटल क्रांति की शुरुआत की थी, जिससे युवाओं को नई तकनीक से जुड़ने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि उसी समय स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम शुरू किए गए और कन्नौज के परफ्यूम उद्योग को बढ़ावा देने के लिए छात्रों को प्रशिक्षण के लिए फ्रांस के ग्रास शहर भेजा गया।
इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षा योजनाओं पर भी चर्चा
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने उत्तर प्रदेश में बड़े स्तर पर बुनियादी ढांचे का विकास किया। उन्होंने बताया कि आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे का निर्माण रिकॉर्ड समय में किया गया, जिस पर लड़ाकू विमानों के उतरने के लिए हवाई पट्टी भी बनाई गई।इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन जैसी योजना शुरू की गई, जिसकी सराहना सुप्रीम कोर्ट ने भी की थी।उन्होंने कहा कि उस समय देश का सबसे बड़ा सिक्स-लेन एलिवेटेड रोड और करीब 200 किलोमीटर का साइकिल हाईवे भी समाजवादी सरकार के दौरान बनाया गया।
क्रिएटिविटी से बढ़ेगी अर्थव्यवस्था
अखिलेश यादव ने कहा कि भारत के अलग-अलग जिलों में हैंडीक्राफ्ट और कला से जुड़े लाखों लोग काम करते हैं। अगर इन क्षेत्रों को सही नीति और प्रोत्साहन मिले तो यह अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई तक ले जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार आने पर हैंडीक्राफ्ट और क्रिएटिव इंडस्ट्री को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल सकें।
राजनीतिक मुद्दों पर भी बोले अखिलेश
अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत रखने के लिए निष्पक्ष चुनाव बेहद जरूरी हैं और चुनाव आयोग को यह भरोसा दिलाना चाहिए कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष होंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इसके साथ ही सपा के राज्य मुख्यालय से लेकर यूपी के सभी कार्यालयों पर काशीराम की जयंती मनाई गई।
