सपा प्रमुख ने गौ-सेवा से लेकर एलपीजी संकट तक केंद्र और यूपी सरकार को घेरा
गैस सिलेंडर की किल्लत पर संसद में सपा सांसदों का प्रदर्शन,सिलेंडर के बढ़े दाम, भाजपा सत्ता नाकाम के नारों से गूंजा मकर द्वार
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ में ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से उनके धरना स्थल पर मुलाकात की। करीब एक घंटे चली इस मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वह शंकराचार्य से आशीर्वाद और ज्ञान लेने पहुंचे थे।उन्होंने कहा कि सच्चे संतों का आशीर्वाद मिलने से अब नकली संतों का दौर खत्म होने जा रहा है।
गौ-सेवा को लेकर सपा सरकार के फैसलों का जिक्र

मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान गायों की सेवा और संरक्षण को लेकर कई अहम फैसले लिए गए थे। उन्होंने बताया कि उस समय डेयरी और काऊ मिल्क प्लांट जैसी योजनाएं शुरू की गई थीं,ताकि गरीबों को लाभ मिल सके और गायों की देखभाल भी बेहतर तरीके से हो सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अगर समाजवादी पार्टी को अवसर मिला, तो गायों की सेवा और संरक्षण के लिए और फैसले लिए जाएंगे।
दोनों डिप्टी सीएम को डांट कर बाहर भेजा : अखिलेश यादव
प्रदेश की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले कुछ समय से उत्तर प्रदेश में सरकार ठीक से नहीं चल रही है।उन्होंने दावा किया कि हाल ही में हुई एक बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्रियों (डिप्टी सीएम) को डांटकर बाहर भेज दिया गया।
एलपीजी संकट पर केंद्र और राज्य सरकार पर हमला

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने एलपीजी की कमी को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि गलत फैसलों के कारण लोगों को गैस की कमी का सामना करना पड़ रहा है और कई घरों में लोगों को लकड़ी या चूल्हे पर खाना बनाना पड़ रहा है।
फारूक अब्दुल्ला की सुरक्षा पर भी बोले
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेता फारुख अब्दुल्ला जैसे बड़े नेताओं की सुरक्षा पर्याप्त होनी चाहिए और सरकार को उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखना चाहिए।अखिलेश यादव ने कहा कि संतों से मिलकर उन्हें सकारात्मक ऊर्जा मिली है और समाज में सही मार्गदर्शन देने वाले संतों का आशीर्वाद हमेशा महत्वपूर्ण होता है।
गैस सिलेंडर की किल्लत पर संसद में सपा सांसदों का प्रदर्शन
देश में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती कीमतों को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसदों ने गुरुवार को संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। सपा सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। इस दौरान पार्टी के सांसदों ने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सिलेंडर के बढ़े दाम, भाजपा सत्ता नाकाम के नारों से गूंजा मकर द्वार

सपा सांसदों का कहना था कि देश के कई हिस्सों में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे लोगों को लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि महंगाई और गैस संकट को संभालने में सरकार नाकाम साबित हो रही है।प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने नारे लगाए “सिलेंडर के बढ़े दाम, भाजपा सत्ता नाकाम” और सरकार से गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने व कीमतों पर नियंत्रण लगाने की मांग की।
