गैस सिलेंडर की किल्लत पर सपा प्रमुख बोले-भाजपा के अच्छे दिनों का सिलेंडर खाली
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य में अवैध खनन और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध खनन से लेकर अन्य अवैध कारोबार बड़े पैमाने पर हो रहे हैं और भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों की खुलेआम लूट हो रही है और इस मामले में ऊपर से नीचे तक मिलीभगत नजर आ रही है। उनके मुताबिक अवैध खनन दिनदहाड़े हो रहा है, लेकिन न तो दिल्ली के ड्रोन को यह दिखाई दे रहा है और न ही प्रशासन कार्रवाई कर रहा है। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि जब अवैध खनन के वीडियो सामने आते हैं तो उन्हें भी एआई जनरेटेड बताकर नजरअंदाज करने की कोशिश की जाती है।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अवैध खनन, दवाओं का अवैध कारोबार, वनों की कटाई और अन्य अवैध गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं।
महंगाई ने तोड़े रिकॉर्ड
पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। आम जनता को जरूरी वस्तुओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि कई जगहों पर गैस सिलेंडर की कमी के कारण लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं और होटल व दुकानों पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की “डबल इंजन” सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है और जनता परेशान है, जबकि सरकार के मंत्री और नेता केवल झूठे आश्वासन दे रहे हैं। उनके मुताबिक भाजपा सरकार लोगों की समस्याओं के समाधान के बजाय नफरत की राजनीति में लगी हुई है।
सिलेंडर के लिए लंबी लाइनें, DAC कोड पर बवाल…
उन्होंने प्रदेश में गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सिलेंडर लेने के लिए लोगों को लंबी लाइन में लगना पड़ रहा है और कई जगह डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) के बिना गैस नहीं दी जा रही, जिससे जनता में रोष बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सर्वर डाउन होने की स्थिति में भी उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं दिया जा रहा, जिससे लोग परेशान हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि इस स्थिति का फायदा उठाकर ब्लैक मार्केट में सिलेंडर कई गुना कीमत पर बेचे जा रहे हैं।
कोराना के बाद, अब खाना बनाने को तरस रहे हैं
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले कोरोना काल में लोग ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए भटक रहे थे और अब खाना बनाने के गैस सिलेंडर के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार को इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया।
