सपा प्रमुख बोले -तेजस्वी सरकार आएगी तो बिहार का पैसा बिहार में रहेगा!
पटना/लखनऊ :बिहार विधानसभा चुनाव के बीच आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पूर्णिया और मधुबनी में चार विशाल चुनावी जनसभाएँ कीं। अखिलेश यादव ने INDIA गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में वोट अपील करते हुए बीजेपी सरकार पर सीधा और तीखा हमला बोला। धमदहा विधानसभा, पूर्णिया में सभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा-“हम अपने किसान भाइयों को भरोसा देना चाहते हैं कि गांव में रहने वालों की मदद करने का काम करेंगे।”उन्होंने आरोप लगाया कि “राशन से लेकर खाद की बोरी तक में चोरी हो रही है।” अखिलेश बोले- “वोट चोरी का नारा देकर इन्होंने आपका वोट तो बचा लिया, अब राशन भी बचाना है। मुख्यमंत्री खाद की बोरी में भी चोरी करा रहे हैं।”सभा के बीच अखिलेश यादव ने अयोध्या का ज़िक्र करते हुए कहा- “अयोध्या भी हम लोगों ने हरा दिया। भगवान श्रीराम ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को आशीर्वाद दिया।”
मधुबनी से बदलाव का संदेश, भीड़ में उत्साह

मधुबनी की राजनगर, बिस्फी, झांझरपर और फूलपरास विधानसभा की जनसभाओं में भारी भीड़ उमड़ी।
मंच से अखिलेश यादव ने कहा- “इस बार जनता के चेहरों पर बदलाव की खुशी साफ दिख रही है। महागठबंधन की सरकार बन रही है।”उन्होंने युवाओं और बेरोज़गारी के मुद्दे पर खुलकर बात की- “जिस युवा ने नौकरी छिनी देखी, आरक्षण कम होता देखा। वह इस बार बीजेपी के खिलाफ मतदान कर रहा है।”
“बिहार का पैसा बिहार में”-अखिलेश ने तेजस्वी मॉडल की वकालत

राजनगर में बोलते हुए अखिलेश यादव बोले- “तेजस्वी सरकार आएगी,तो बिहार का पैसा बिहार में रहेगा। नौजवानों को रोजगार से जोड़ा जाएगा। अब हमारा और आपका पलायन नहीं होगा, इस बार बीजेपी का पलायन होगा।”उन्होंने कहा- “हमारा आपका पैसा उद्योगपतियों को दे दिया गया। वहीं तेजस्वी जी बिहार का पैसा बिहार के लोगों पर लगाएंगे।”सपा प्रमुख अखिलेश ने कहा-“बिहार का किसान सिर्फ बिहार नहीं बल्कि पूरे देश का पेट भर सकता है। मगर, भाजपा सरकार ने न कीमत दी, न खाद सस्ती की।”
मतदाता सूची पर उठाए सवाल

समाजवादी पार्टी ने अलीगढ़ विधानसभा में मतदाता सूची की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि 2003 की मतदाता सूची उपलब्ध न होने की स्थिति में S.I.R प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए। सपा का कहना है कि 2003 की सूची न होने के बावजूद 2002 की सूची से S.I.R शुरू कराई जा रही है, और कई पोलिंग स्टेशनों पर वह सूची भी बी.एल.ओ के पास मौजूद नहीं है। पार्टी ने आशंका जताई है कि इससे बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नाम सूची से हट सकते हैं, जो लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है। ज्ञापन के.के. श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चंद्र और राधेश्याम सिंह ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपा। सपा ने पूरे मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर अखिलेश यादव ने दी बधाई
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर उत्तराखंडवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि 09 नवंबर 2025 को उत्तराखंड 25 वर्ष का हो जाएगा। उन्होंने याद दिलाया कि राज्य की स्थापना की नींव मुलायम सिंह यादव ने रखी थी। जिन्होंने जनमत संग्रह के बाद उत्तर प्रदेश की दोनों विधानसभाओं में अलग राज्य का प्रस्ताव पारित कराया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 25 वर्षों में उत्तराखंड की जनता को उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप विकास नहीं मिला। राज्य में अवैध खनन, अंधाधुंध जंगल कटान, भूस्खलन और बादल फटने की आपदाओं का खतरा लगातार बढ़ा है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि रोजगार के अवसर कम हुए,1796 गाँव खाली हो चुके हैं,शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएँ कमजोर हैं, और उत्तराखंड को भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा की अस्मिता और पवित्रता को भी नुकसान पहुंच रहा है, और निर्माण के नाम पर कंक्रीट के जंगल खड़े किए जा रहे हैं। सपा अध्यक्ष ने कहा कि अब समय है कि नई सोच के साथ समग्र और संवेदनशील विकास की दिशा में कदम बढ़ाए जाएँ।
