बरेली : यूपी के बरेली के कैंट थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोहनपुर के वार्ड नंबर-1 में सोमवार दोपहर उस समय जमकर बवाल हो गया, जब कूड़ा डालने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद धीरे-धीरे लाठी-डंडों और पथराव तक पहुँच गया। करीब एक घंटे तक क्षेत्र में तनाव बना रहा और दोनों तरफ से जमकर पत्थर चले। इस बवाल में 12 लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने जिला अस्पताल भेजा। मगर, मंगलवार को कैंट थाने में तैनात एसआई रोहित तोमर ने स्वयं कार्रवाई कर दोनों पक्षों के कुल 22 आरोपियों के खिलाफ नामजद और अज्ञात में FIR दर्ज कराई है।
कैसे भड़का पूरा मामला?
घटना की शुरुआत तब हुई जब सकीना बेगम, जो रोज की तरह गाँव के निर्धारित स्थान पर कूड़ा डालने पहुंची थीं, को फखरुद्दीन और जलालुद्दीन ने रोक दिया। आरोप है कि दोनों ने न केवल विरोध किया बल्कि गाली-गलौज और धमकी भी दी। कुछ देर बाद सकीना के बेटे सरताज, सद्दाम, मेराज, वसीम और रियाज जब काम पर जा रहे थे, तभी आरोप है कि दूसरे पक्ष के सलाउद्दीन, रईस खां, मोईन खां, कमरुद्दीन, हनीफ खां और जलालुद्दीन सहित कई लोगों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया। देखते-देखते पूरा मोहल्ला आमने -सामने आ गया और लाठी-डंडे चलने लगे, फिर पथराव शुरू हो गया।
घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल, देर रात दर्ज हुई FIR
सूचना मिलते ही कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कराया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।चौंकाने वाली बात यह रही कि देर रात तक कोई भी पक्ष तहरीर देने आगे नहीं आया। कैंट इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि दोनों ओर से मारपीट और पथराव करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस की टीम रात से ही आरोपियों के घरों पर दबिश दे रही है और जल्द ही सभी बवालियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
