“सुबह-सुबह कॉलेज कैंपस में हड़कंप, सीसीटीवी खंगालने की तैयारी, परिजनों ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल
बरेली : शहर के प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक बरेली कॉलेज परिसर में सोमवार सुबह अचानक अफरा -तफरी मच गई, जब लोगों ने एक युवक का शव बेल्ट से कॉलम के सहारे लटका हुआ देखा। सुबह टहलने निकले लोगों ने यह दृश्य देखकर तुरंत पुलिस व कॉलेज प्रशासन को सूचना दी। शहर की बारादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में छात्र, स्थानीय लोग और कॉलेज स्टाफ भी जमा हो गए।
मृतक की पहचान- बिहारी राजपूत के रूप में
पुलिस ने मृतक की पहचान बिहारी राजपूत (30 वर्ष) के रूप में की है। परिवार के अनुसार, वह शराब के आदी थे, और रविवार शाम काफी शराब पीने के बाद टहलते हुए घर से निकल गए थे। परिजन चिंता में नहीं थे, क्योंकि वह अक्सर नशे में रातभर बाहर रहते थे, लेकिन सोमवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस का फोन आया कि उनका शव बरेली कॉलेज में मिला है।
परिवार का दावा-ये खुदकुशी नहीं, हत्या है!
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के भतीजे अजय ने THE JUSTICE HINDI से कहा-“हम मान ही नहीं सकते कि उन्होंने खुदकुशी की होगी। मौके की हालत संदिग्ध है। हत्या भी हो सकती है।”परिजनों ने पुलिस से हत्या की दिशा में जांच की मांग की है। बारादरी थाना पुलिस ने मीडिया को बताया कि “यह आत्महत्या है या हत्या, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही तय होगा। हर एंगल से जांच की जा रही है।”
सीसीटीवी कैमरों से राज खोलने की तैयारी
पुलिस कॉलेज कैंपस में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है। रूप-रेखा यह है कि युवक कॉलेज में कैसे और कब प्रवेश किया। इसे कैमरों से ट्रेस किया जाएगा। शव मिलने की खबर फैलते ही कॉलेज छात्रों में दहशत फैल गई। कई छात्रों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और कॉलेज गेट पर निगरानी बढ़ाने की मांग की।
