कैंट की मोहनपुर ग्राम पंचायत में सुबह-सुबह फैला हड़कंप, पड़ोसियों ने तमंचे की बट से किया हमला, वीडियो वायरल!
बरेली : यूपी के बरेली शहर के कैंट थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोहनपुर के वार्ड नंबर- 1 से इस वक्त की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। एक मामूली-सा रोज़ाना का विवाद कैसे मिनटों में हिंसा में बदल गया, यह देखकर पूरा इलाका दहशत में है।
कूड़ा डालने पर शुरू हुई कहासुनी, बनी बड़ी घटना
सुबह एक महिला रोज़ की तरह कूड़ा डालने गई थीं। इसी दौरान पड़ोस के कुछ लोगों ने उनके कूड़ा डालने का विरोध किया और गाली-गलौज शुरू कर दी। महिला तुरंत घर लौटी और परिवार को बताया कि “दबंगों ने धमकी दी है कि रास्ते में रोककर जानलेवा हमला किया जाएगा।”
धमकी सच- घर से निकल रहे बेटों पर अचानक हमले का आरोप
कुछ समय बाद महिला के बेटे और परिवार के अन्य सदस्य अपने काम पर जा रहे थे। उसी वक्त आरोप है कि पड़ोसी अपने साथियों के साथ लाठी -डंडों और तमंचे की बट से लैस होकर उन पर टूट पड़े। इस हमले में कुल 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना इतनी अचानक और हिंसक थी कि पूरे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई।
वीडियो वायरल-सोशल मीडिया पर दहशत
हमले का पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है,जो साफ दिखाता है कि विवाद कितना भयावह हो चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानें क्या बोले इंस्पेक्टर
शहर के कैंट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने THE JUSTICE HINDI को बताया कि “अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। जैसे ही तहरीर मिलेगी, अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।”
