बिहार चुनाव : बिहार विधानसभा की सभी 243 सीटों के साथ-साथ पंजाब, ओडिशा, राजस्थान, झारखंड, तेलंगाना, मिजोरम और जम्मू-कश्मीर की आठ विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव की मतगणना जारी है। रुझानों में बिहार में एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है, जबकि महागठबंधन पीछे चल रहा है। भाजपा, जदयू, राजद, कांग्रेस और जनसुराज सहित सभी दलों की किस्मत का फैसला आज मतगणना तय करेगी।
जम्मू-कश्मीर: नगरोटा सीट पर भाजपा की बड़ी जीत
नगरोटा उपचुनाव में भाजपा की देवयानी राणा विजयी हुई हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर पैंथर्स पार्टी के नेता हर्ष देव सिंह को 26 हजार से अधिक वोटों से हराया। जीत के बाद देवयानी राणा ने कहा कि 2024 की तरह 2025 में भी जनता का आशीर्वाद उन्हें भारी संख्या में मिला है और यह उनके लिए सम्मान की बात है।
राजस्थान: अंता सीट पर कांग्रेस की बढ़त मजबूत
राजस्थान की अंता विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। दोपहर 12 बजे तक प्रमोद जैन लगभग 7 हजार वोटों से आगे चल रहे थे, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा दूसरे नंबर पर हैं।
कांग्रेस का बयान—‘अभी शुरुआती रुझान, थोड़ा इंतजार करें’
बिहार के शुरुआती रुझानों पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि “यह सिर्फ शुरुआती रुझान हैं। आने वाले कुछ घंटों में पता चलेगा कि बिहार की जनता ज्ञानेश कुमार गुप्ता पर भारी पड़ती है या ज्ञानेश कुमार गुप्ता ही उन पर भारी पड़ते हैं।”
रुझान—NDA को बढ़त, महागठबंधन पीछे
चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार—
NDA: 186 सीटों पर आगे
BJP 82
JDU 75
LJP 22
HAMS 4
RSHTLKM 3
महागठबंधन: 48 सीटों पर आगे
RJD 35
Congress 7
VIP 1
मतगणना अभी जारी है और तस्वीर लगातार बदल रही है।
चंद्रबाबू नायडू का बयान—‘जनता का विश्वास मोदी में’
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने बिहार रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं। विशाखापत्तनम समिट के दौरान उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी पर जनता का जितना विश्वास है, उतना किसी और नेता पर नहीं है।”
छपरा सीट: खेसारी लाल पीछे
छपरा सीट से चुनाव लड़ रहे भोजपुरी स्टार शत्रुघन यादव उर्फ खेसारी लाल पीछे चल रहे हैं। यहां भाजपा की छोटी कुमारी लगभग 1500 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं।
