श्रावस्ती : जिले के इकौना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कैलाशपुर में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में दंपती और उनके तीन छोटे बच्चे शामिल हैं।
घटना इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कैलासपुर के मजरा लियाकतपुरवा की है। सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो सिरोज अली की मां को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद उन्होंने छोटी बहू और बेटी राबिया को बुलाकर अंदर झांककर देखने को कहा।
राबिया ने जब खिड़की से अंदर देखा तो पांचों लोग बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े थे। यह दृश्य देखकर घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में हड़कंप फैल गया।
सिरोज अली की मां ने बताया कि पहले पति-पत्नी के बीच कभी-कभी झगड़े होते थे, लेकिन हाल के दिनों में ऐसा कुछ नहीं था। मृतकों में डेढ़ साल का बेटा और दो बेटियां भी शामिल हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अखिलेश पांडेय और सीओ भारत पासवान मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
