बरेली : शहर के किला थाना क्षेत्र से गैस एजेंसी दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये ठगने और विरोध करने पर जातिसूचक गालियां व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित गगनदीप सिंह सोनकर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुभाषनगर नेकपुर बदायूं मार्ग निवासी गगनदीप ने बताया कि अलखनाथ मंदिर के सामने रहने वाले राजेश कुमार शर्मा उनके पिता के पुराने जानकार हैं और लंबे समय से घर आते-जाते रहे हैं। 15 सितंबर 2024 को राजेश ने उनके घर आकर दावा किया कि उसने कई लोगों को पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी दिलाई है और गगनदीप को भी एजेंसी दिलवाई जा सकती है। विश्वास का फायदा उठाते हुए गगनदीप के पिता ने पहले एक लाख दस हजार रुपये नकद और 90 हजार रुपये बैंक ट्रांसफर से आरोपी को दे दिए।राजेश ने कहा कि कुल 5 लाख रुपये लगेंगे और 15 दिन में एजेंसी अलॉट हो जाएगी। लेकिन तय समय पर काम नहीं हुआ। फिर 7 दिसंबर 2024 की तारीख दी गई, लेकिन बहाने बनते रहे। तीन लाख रुपये और मांगने का लिखित नोट भी आरोपी ने दिया।11 सितंबर को गगनदीप अपने पिता के साथ राजेश के घर गया तो आरोपी भड़क गया। उसने दोनों को धक्का दिया और जातिसूचक गालियां दी।
पत्नी ने भी डंडे से किया हमला
आरोप है कि पत्नी भी डंडा लेकर बाहर आई और धमकी देने लगी। कानूनी कार्रवाई की बात पर राजेश ने कहा, जहां शिकायत करनी है कर लो, मेरी ऊपर तक पहुंच है, पुलिस कुछ नहीं कर पाएगी।स्थानीय लोगों के अनुसार, राजेश पहले भी इसी तरह कई लोगों को ठगा चुका है। पीड़ित ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। किला पुलिस ने ठगी, धमकी और जातिसूचक टिप्पणियों के आरोप में राजेश और उसकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
