लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई, रोजगार और किसानों की समस्याओं पर जवाब देने को तैयार नहीं है। अखिलेश यादव पार्टी कार्यालय में नोटबंदी के दौरान जन्मे खजांची यादव का 9वां जन्मदिन मनाने पहुंचे। उन्होंने कहा- “जब तक भाजपा सत्ता में है, खजांची का जन्मदिन मनाते रहेंगे, ताकि लोगों को याद रहे कि नोटबंदी ने देश को क्या दिया।”
घर बनाने से लेकर बेटी की शादी तक महंगी

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि “आज घर बनाना महंगा, गाड़ियाँ महंगी, बिजली-पेट्रोल महंगा। नोटबंदी के समय सरकार ने लोगों का पैसा इकट्ठा किया और अब सोना एकत्रित कर रही है। इसलिए सोना लगातार महंगा हो रहा है। गरीब आदमी बेटी की शादी के लिए सोना नहीं ले पा रहा।”
PDA परिवारों का एक भी अधिकारी चुनाव प्रक्रिया में नहीं
उन्होंने आरोप लगाया कि “PDA परिवारों का एक भी अधिकारी चुनाव प्रक्रिया में शामिल नहीं है। 2027 के चुनाव से पहले BJP वोट चोरी की तैयारी कर रही है। अगर आपका वोट ही गायब हो गया, तो क्या बोलेंगे आप?। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विदेश यात्रा पर बोलते हुए कहा- “सीएम जापान जा रहे हैं तो क्योटो जरूर जाएं, ताकि उन्हें समझ आए कि 10 साल में यूपी के शहरों का हाल क्या किया गया है।”
कफ सिरप और शराब तस्करी का आरोप

पूर्व सीएम अखिलेश ने कहा कि कफ सिरप की मिलावट और बिहार भेजी जा रही शराब की घटनाओं में भाजपा से जुड़े लोगों पर सवाल उठ रहे हैं।
खजांची यादव का 9 वा बर्थडे मनाया

नोटबंदी के दौरान पैदा हुए बच्चे खजांची यादव का उन्होंने पार्टी कार्यालय में जन्मदिन मनाया।खजांची ने कार्यक्रम में कविता सुनाई। अखिलेश ने उसे जन्मदिन पर मोबाइल गिफ्ट देने का वादा किया। “खजांची इस बात की याद है कि नोटबंदी ने किसान, नौजवान और व्यापारी पर क्या असर डाला। जब तक भाजपा सत्ता में है, उसका जन्मदिन मनाते रहेंगे।”
2027 का चुनाव सपा के लिए अहम

सपा प्रमुख अखिलेश ने कहा “2027 का विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के लिए बेहद अहम है। हमारा लक्ष्य सपा को राष्ट्रीय पार्टी के रूप में स्थापित करना है।”उन्होंने आरोप लगाया कि “सरकार कहती है खाद पर्याप्त है, लेकिन किसान लाइन में लग रहे हैं। किसानों को राहत नहीं, सिर्फ बयान मिल रहा है।”
