गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित ‘एकता पदयात्रा’ के दौरान बड़ा ऐलान किया। सीएम ने कहा कि अब राज्य के सभी स्कूलों में ‘वंदे मातरम्’ का नियमित और अनिवार्य गायन किया जाएगा। उनका कहना था कि इससे नागरिकों में मातृभूमि और भारत माता के प्रति श्रद्धा और गौरव की भावना मजबूत होगी।
सीएम ने आगे कहा कि जाति, क्षेत्र और भाषा के आधार पर बांटने वाले तत्वों की पहचान करना हमारा कर्तव्य है। यह उन लोगों की साजिश है जो देश में नया विभाजन पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हमें ऐसे विभाजनकारी इरादों को जड़ से खत्म करना होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 30 अक्टूबर को पूरे देश में ‘रन फ़ॉर यूनिटी’ के रूप में राष्ट्रीय एकता दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा, भाजपा और सरकारी संस्थानों ने सद्भाव, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के मुद्दों पर भी कार्यक्रम शुरू किए हैं।
कार्यक्रम में महान स्वतंत्रता सेनानी सद्भाव और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक वल्लभभाई पटेल के जीवन और कार्यों पर भी जोर दिया गया। सीएम ने नागरिकों से अपील की कि वे देशभक्ति, एकता और समरसता के संदेश को आगे बढ़ाएं और समाज में सौहार्द्र बनाए रखें।
